नई दिल्ली: रेल मंत्री सदानंद गौड़ा ने भाषण समाप्त करने के बाद भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेता लालकृष्ण आडवाणी के पैर छुए। रेल बजट समाप्त करने के साथ सदस्य बधाई देने के लिए गौड़ा की ओर बढ़ने लगे। गौड़ा ने कई सदस्यों की बधाई लेने के बाद मुस्कराते हुए आडवाणी के पैर छुए। आडवाणी ने उनकी पीठ थपथपाई।
पार्टी के वरिष्ठ मुरली मनोहर जोशी अपनी सीट से उठकर गौड़ा के पास गए और बधाई दी। खाद्य आपूर्ति मंत्री रामविलास पासवान ने भी रेल मंत्री की ओर बधाई देने के लिए हाथ बढ़ाया, लेकिन वह सदस्यों की भीड़ बढ़ने के कारण इस पर ध्यान नहीं दे पाए।
रेल मंत्री ने बिना रूके लगभग एक घंटे तक भाषण पढ़ा। भाषण के बीच उन्हें लगभग 20 बार व्यवधान का सामना करना पडा। इस दौरान उन्हें तालियां भी मिली और विरोध भी झेलना पड़ा। लंबित पड़ी रेल परियोजनाओं के पूरा नहीं होने के बयान पर सत्तापक्ष के सदस्यों ने ‘शेम.शेम’ के नारे लगाए। इस पर विपक्षी, विशेषकर कांग्रेस के सदस्यों ने आपत्ति जताई।




