रांची : लालू यादव ने तीन अक्टूबर को सजा दिए जाने से पहले साफ कर दिया था कि वो जेल में ही रहना चाहेंगे क्योंकि जेल में हास्पिटल की तरह घुटन महसूस नहीं होती। राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) शिफ्ट किये जाने की अटकलों के बीच पार्टी सूत्रों ने बताया है कि लालू रिम्स के कॉटेज में जाने से साफ इंकार कर दिया था। इन्हीं सूत्रों के मुताबिक लालू ने अपने रिश्तेदारों और पार्टी नेताओं से कहा है कि जेल में फ्रेश हवा मिलती है। टहलने की अच्छी सुविधा है।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि सजा सुनाये जाने वाले दिन लालू के एक करीबी ने उन्हें जानकारी दी थी कि उनके लिए रिम्स के कॉटेज में रहने की व्यवस्था की जा रही है। इस पर लालू का कहना था कि न तो वो बीमार हैं और न वो बूढे हुए हैं। मालूम हो कि चारा घोटाले के एक मामले में दोषी करार दिए जाने के बाद लालू को सोमवार (30 सितंबर) को होटवार स्थितबिरसा मुंडा कारावास भेज दिया गया था। उन्हें जेल के उच्च श्रेणी वार्ड संख्या दो में रखा गया है। यहां लालू यादव जेल में कैदी नंबर 3312 के रूप में रह रहे हैं। गौरतलब है कि चारा घोटाला और आय से अधिक संपत्ति के मामले में लालू इससे पहले पांच बार जेल जा चुके हैं इस दौरान लालू करीब नौ महीने जेल में गुजार चुके हैं।
लालू पर और भी हैं मामले
चारा घोटाला के एक मामले में दोषी करार दिये गये लालू प्रसाद यादव को रांची के डोरंडा कोषागार से 184 करोड़ रुपए, दुमका कोषागार से 3.47 करोड़, देवघर कोषागार से 97 लाख की अवैध निकासी के मामले में अभियुक्त बनाया गया है।




