
Lohardaga : जब नौकरी नहीं थी, तब रेशमा से प्रेम का नाटक कर विवाह कर लिया. अब आर्मी में जवान की नौकरी लग गयी तो अब पत्नी से पीछा छुड़ाना चाह रहा है. इसी नियत से आर्मी के जवान ने महिला को तीन मंजिले मकान से नीचे फेंक दिया. गनीमत रही कि महिला पेड़ और झाड़ियों से टकराते हुए नीचे गिरी. जिसकी वजह से उसकी जान बच गयी. फिलहाल महिला का इलाज शहर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है. होश में आते ही महिला ने अपनी आपबीती बताई है.
साल 2017 में हुआ था दोनों का प्रेम विवाह
यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है. आरोपी सेना का जवान फरार हो चुका है. महिला के बयान पर सदर थाना पुलिस ने सेना के जवान के विरुद्ध गैर जमानतीय धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर लिया है. पुलिस मामले की जांच और आगे की कार्रवाई कर रही है. बताया जाता है कि सदर थाना क्षेत्र के खकपरता गांव निवासी रेशमा कुमारी और कुडू थाना क्षेत्र के सुकुमार गांव निवासी अमरदीप उरांव का साल 2017 में प्रेम विवाह हुआ था. दोनों ने सरना रीति रिवाज के साथ विवाह किया था. उस समय अमरदीप बेरोजगार था, जब उसकी नौकरी लग गयी तो वह रेशमा से पीछा छुड़ाने की कोशिश करने लगा.
सेल्फी लेने के दौरान रेशमा को छत से फेंका
विवाह बंधन में बंधने की मजबूरी में अमरदीप ने रेशमा को अपने पैतृक घर में रखने के बजाय शहर के मधुबन टोली किराए के मकान में रखने लगा. इसी बीच रेशमा बार-बार अपने ससुराल में जाकर रहने की जिद करती थी, पर अमरदीप इसके लिए तैयार नहीं था. अमरदीप रेशमा से पीछा छुड़ाना चाहता था. वह विगत 24 नवंबर को छुट्टियों में अपने घर आया था. 26 नवंबर को फिर से रेशमा ने अमरदीप से अपने ससुराल में रहने की जिद की. अमरदीप ने इस बात को भी टाल दिया. उसने बहाना बनाया कि आज हम लोग घूमने चलेंगे. उससे पहले छत में ले जाकर कुछ सेल्फी लेंगे. सेल्फी के बहाने रेशमा को तैयार कराते हुए अमरदीप छत में ले गया. जहां उसने रेशमा को नीचे फेंक दिया.
इस घटना में रेशमा की जान बच गयी. वह हैरान है उसकी कुछ भी समझ में नहीं आ रहा. पुलिस मामले की जांच कर रही है. कई दिनों तक बेहोश रहने के बाद रेशमा को अब होश आया है.
इसे भी पढ़ें – बिजली विभाग के जेई से मारपीट मामले में पूर्व विधायक नियेल तिर्की गिरफ्तार




