BusinessNational

देश भर में खोले जायेंगे 65,000 नये पेट्रोल पंप, सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों ने विज्ञापन निकाले

NewDelhi : देश में 65,000 नये पेट्रोल पंप खुलने जा रहे हैं. इससे देश भर में पेट्रोल पंपों की संख्या लगभग दोगुनी हो जायेगी. बता दें कि लोकसभा चुनाव 2019 से पूर्व सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों की योजना है कि देशभर में 65,000 पेट्रोल पंपों के आवंटन किये जायें. तेल कंपनियों इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी), भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) और हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) ने रविवार को देशभर में 55,649 पेट्रोल पंपों की स्थापना के लिए विज्ञापन जारी किया है. खबरों के अनुसार सरकार ने पेट्रोल आवंटन के एक अहम नियम में भी संशोधन कर डाला है. आवंटन  नये नियमानुसार होगा. एचपीसीएल के राज्यस्तरीय समन्वयक विशाल वाजपेयी  के अनुसार इनमें से कोई भी पेट्रोल पंप का स्थान चुनावी राज्य वाला नहीं है. चुनावी राज्यों में लगने वाले पेट्रोल पंपों को मिलाकर यह संख्या 65,000 हो जायेगी. बताया कि वर्तमान में राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया चल रही है.

चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन राज्यों के लिए भी विज्ञापन जारी किया जायेगा. बाजपेयी ने कहा कि भारत जैसी अर्थव्यवस्था में ऊर्जा की मांग तेजी से बढ़ रही है. तेल कंपनियां पेट्रोल, डीजल की बढ़ती मांग को देखते हुए अपने पेट्रोल पंप नेटवर्क का विस्तार कर रही है. पेट्रोल और डीजल की खुदरा बिक्री क्रमश: आठ प्रतिशत और चार प्रतिशत वार्षिक दर से बढ़ रही है. आईओसी ने 26,982 नए पेट्रोल पंपों के आवंटन के लिए विज्ञापन दिया है. देश में कंपनी के पास पहले से 27,377 पेट्रोल पंप हैं. इसके बाद बीपीसीएल और एचपीसीएल ने क्रमश: 15,802 और 12,865 नए पेट्रोल पंपों के लिए विज्ञापन दिया है. दोनों कंपनियों के पास पहले से क्रमश: 14,592 और 15,287 पेट्रोल पंप हैं.बाजपेयी ने बताया कि दिल्ली में 390 पेट्रोल पंप हैं और 170 नये खोले जायेंगे.

चुनावी राज्यों में नौ से दस हजार स्थानों पर पेट्रोल पंप खोलने की योजना

एक अन्य अधिकारी के अनुसार कि चुनावी राज्यों में करीब नौ से दस हजार स्थानों पर पेट्रोल पंप खोले जाने की योजना है.  आवंटन नये नियमों के आधार पर किये जाएंगे. नये नियमों के तहत पेट्रोल पंप लगाये जाने की जगह के मालिक के लिए अनिवार्य 12वीं पास की शैक्षणिक योग्यता को घटाकर 10वीं कर दिया गया है.  चार साल में यह पहला मौका है, जब पेट्रोल पंप लगाये जाने के लिए विज्ञापन दिया गया है. देश में वर्तमान में कुल मिलाकर 63,674 पेट्रोल पंप हैं. इनमें से ज्यादातर सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों के हैं. निजी क्षेत्र में सबसे ज्यादा नायरा एनर्जी लिमिटेड के 4,895 पेट्रोल पंप हैं. इसे पहले एस्सार आयल लिमिटेड के नाम से जाना जाता था. रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के 1,400 और रायल डच-शैल के 116 पेट्रोल पंप हैं.

Related Articles

Back to top button