
Ranchi: रांची यूनिवर्सिटी के मोरहाबादी स्थित सेंट्रल लाइब्रेरी भवन की सूरत अब बदली जाएगी. इसके लिए भवन निर्माण विभाग (बिल्डिंग डिवीजन नंबर 1), झारखंड ने योजना तय की है. लाइब्रेरी भवन के रिनोवेशन के साथ साथ इंफॉर्मेशन और नॉलेज ई- सेंटर को भी उन्नत बनाने को एक करोड 77 लाख 20 हजार 700 रुपए व्यय होने का अनुमान लगाया गया है. इस काम के लिए भवन निर्माण विभाग ने ई- प्रोक्योरमेंट नोटिस भी जारी कर दिया है. 30 जून तक इच्छुक एजेंसियां बिड जमा कर सकती हैं. 1 जुलाई को इसे खोला जाएगा. जिसे भी इस कार्य का आवंटन होगा, उसे 6 माह में निर्धारित काम को पूरा करना होगा. विस्तृत जानकारी और फीस वगैरह की जानकारी के लिए वेबसाइट www.jharkhandtenders.gov.in की मदद लेनी होगी.
गौरतलब है कि लंबे समय से लाइब्रेरी भवन और इंफॉर्मेशन सेंटर के मरम्मति की मांग स्टूडेंट्स के स्तर से की जा रही थी. इसका छज्जा और दूसरा हिस्सा कई बार गिरता रहा है और यहां तक कि इसके चलते जान माल का नुकसान भी हो चुका है.




