
Los Angeles : अकादमी पुरस्कार के 90वें संस्करण में सोमवार को ‘द शेप ऑफ वॉटर’ को सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार मिला.फिल्म ने गिलियेरमो देल तोरो को उनका पहला ऑस्कर जीतने का मौका भी दिया. गिलियेरमो देल तोरो को ‘द शेप ऑफ वाटर’ के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार मिला है. मेक्सिको के निर्देशक ने इस साल गोल्डन ग्लोब्स, डीजीए, द क्रिटिक्स च्वाइस और बाफ्टा पुरस्कार भी अपने नाम कर किया है.
इसे भी पढ़ें: टीवी शो ‘इश्कबाज’ के सुपरवाइजिंग प्रोड्यूसर ने की आत्महत्या
फ्रांसिस मैकडोरमैंड को मिला दूसरा ऑस्कर
उन्होंने इस श्रेणी में क्रिस्टोफर नोलन (डंकिर्क), जॉर्डन पीले (गेट आउट), ग्रेटा गर्विग (लेडी बर्ड) और पॉल थॉमस एंडरसन (फैंटम थ्रेड) को मात दी. पिछले पांच साल में किसी मेक्सिकोवासी को चौथा ऑस्कर मिला है. अभिनेता गैरी ओल्डमैन को ‘डार्केस्ट ऑवर’ में पूर्व ब्रिटिश प्रधानमंत्री विंस्टन चर्चिल की भूमिका के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का ऑस्कर मिला. ऑस्कर स्वीकार करते हुए ओल्डमैन ने कहा कि गौरवशाली पुरस्कार के लिए शुक्रिया. वहीं ‘थ्री बिलबोर्ड्स आउटसाइड एबिंग मिसौरी’ के लिए फ्रांसिस मैकडोरमैंड को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का ऑस्कर मिला. यह 60 वर्षीय अदाकारा को दूसरा ऑस्कर है. भावुक मैकडोरमैंड ने कहा, ‘‘मैं आज रात आपसे सिर्फ दो शब्द कहना चाहूंगी, समावेश और लेखक.

इसे भी पढ़ें: टीवी की इन अभिनेत्रियों का हो चुका है तलाक, कुछ महीने ही टिक पायी शादी
डिजनी पिक्सर की ‘कोको’ को सर्वश्रेष्ठ एनिमेटिड फीचर फिल्म का अवॉर्ड
अभिनेता सैम रॉकवेल को निर्देशक मार्टिन मैकडोनघ की ‘थ्री बिलबोर्ड्स आउटसाइड एबिंग मिसौरी’ में उनकी बेहतरीन अदाकारी के लिए ऑस्कर में सर्वश्रेष्ठ सह-कलाकार पुरस्कार से नवाजा गया है. अभिनेता को उनके अभिनय के लिए ‘बाफ्टा’ और ‘स्क्रीन एक्टर्स गिल्ड अवार्ड’ से भी नवाजा जा चुका है. रॉकवेल ने पुरस्कार स्वीकार करते हुए कहा कि यह फिलिप (फिलिप सीमौर) हॉफमन के लिए है. इस श्रेणी में अदाकारा एलीसन जैनी को ‘आई, टोन्या’ के लिए पुरस्कार दिया गया. अदाकारा (58) को पहली बार इस श्रेणी में नामित किया गया था और यह उनका पहला अकादमी पुरस्कार है. डिजनी पिक्सर की ‘कोको’ को सर्वश्रेष्ठ एनिमेटिड फीचर फिल्म के पुरस्कार से नवाजा गया. फिल्म ने इस श्रेणी में ‘लविंग विन्सेंट’, ‘द बॉस बेबी’, ‘फर्डिनेंड’ और ‘द ब्रेडविनर’ को मात दी. जॉर्डन पीले ने फिल्म ‘गेट आउट’ के लिए सर्वश्रेष्ठ मूल पटकथा श्रेणी में पुरस्कार हासिल किया. अभिनेता से निर्देशक बने पीले का यह पहला अकादमी पुरस्कार है. हॉरर फिल्म के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ निर्देशक की श्रेणी में भी नामित किया गया था. पीले ने पुरस्कार स्वीकार करते हुए कहा कि यह मेरे लिए बहुत मायने रखता है. मैंने इस फिल्म को बीच में करीब 20 बार लिखना छोड़ा क्योंकि मुझे लगा कि यह संभव नहीं है. इस फिल्म को कोई नहीं बनाएगा. उन्होंने कहा कि लेकिन मैंने हार नहीं मानी और बार-बार इस पर काम किया क्योंकि मुझे पता था कि कोई इसे जरूर बनाएगा, कोई इसे जरूर देखेगा और सुनेगा.

इसे भी पढ़ें: बॉलीवुड की क्वीन कंगना रनौत को चाहिये देशभक्त बॉयफ्रेंड, जानें कैसा होगा उनका Dream Boy
फिल्म ‘विक्टोरिया एंड अब्दुल’ को करना पड़ा निराशा का सामना
ऑस्कर में चिली की ‘ए फैनटास्टिक वूमन’ को विदेशी भाषा की सर्वश्रेष्ठ फिल्म चुना गया है. पुरस्कार स्वीकार करते हुए निर्देशक सेबस्टन लेलिओ ने अपने दोस्तों और कलाकारों का शुक्रिया अदा किया. उन्होंने कहा कि मैं इसे आप सभी के साथ साझा करता हूं. ‘ए फैनटास्टिक वूमन’ ने इस श्रेणी में ‘द इंस्लट’ (लेबनान), ‘लवलेस’ (रूस), ‘ऑन बॉडी एंड सोल’ (हंगरी) और ‘द स्कवायर’ (स्वीडन) को मात दी. भारतीय कलाकार अली फजल की फिल्म ‘विक्टोरिया एंड अब्दुल’ को निराशा का सामना करना पड़ा. फिल्म में अली के साथ ज्यूडी डेंच भी हैं. निर्देशक स्टीफन फरेअर्स की फिल्म को 90वें अकादमी अवार्ड में दो नामंकन मिले थे. ‘मेकअप एंड हेयरस्टाइलिंग’ और ‘कॉस्ट्यूम डिजाइन’ श्रेणी में फिल्म को क्रमश: ‘डार्केस्ट ऑवर’ और ‘फैंटम थ्रेड’ ने मात दी.

इसे भी पढ़ें: प्रियंका चोपड़ा के कपड़ों पर विवाद, कांग्रेस ने कहा- असम टूरिज्म के कैलेंडर से हटाओ फोटो
श्रीदेवी और शशि कपूर को श्रद्धांजलि
ऑस्कर अवॉर्ड्स में बॉलीवुड की चांदनी श्रीदेवी और शशि कपूर को ऑस्कर में श्रद्धांजलि दी गयी. गौरतलब है कि 24 फरवरी को श्रीदेवी की दुबई के एक होटल के कमरे के बाथ टब में डूबने से मौत हो गयी थी. उन्हें राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गयी. वहीं 4 दिसंबर 2017 को 79 साल की उम्र में हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता शशि कपूर ने दुनिया को अलविदा कहा था. शशि कपूर कई सालों से किडनी से जुड़ी समस्या से जूझ रहे थे.

न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




