
New Delhi : हिमाचल प्रदेश के नए चुने गए विधायकों में से 22 ने अपने खिलाफ आपराधिक मामले होने की जानकारी सार्वजनिक की है. वहीं इन नए विधायकों में 52 करोड़पति हैं.
68 विधायकों में से 22 पर आपराधिक मामले दर्ज
एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) की मंगलवार को जारी एक रपट में यह बात सामने आयी है. उसने हिमाचल प्रदेश इलेक्शन वाच के साथ मिलकर सभी 68 विधायकों के चुनावी हलफनामे का विश्लेषण किया है. एडीआर की रपट के अनुसार 68 विधायकों में से 32% यानी 22 ने घोषणा की है कि उनके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं. जबकि 2012 के विधानसभा चुनाव में यह आंकड़ा 14 यानी 21% था.
इसे भी पढ़ें: गुजरात में 26% MLA पर आपराधिक मामला, 77% करोड़पति
भाजपा के 44 में से 18 विधायकों पर आपराधिक मामले दर्ज
इस बार आठ विधायकों ने अपने खिलाफ संगीन अपराधिक मामलों की घोषणा की है जबकि 2012 में यह संख्या पांच थी. अगर इन आंकड़ों का विश्लेषण पार्टी के आधार पर किया जाए तो कांग्रेस के चुने 21 विधायकों में से दो पर आपराधिक मामले दर्ज हैं जबकि भाजपा के 44 में से 18 विधायकों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं. माकपा के इकलौते और दो निर्दलीय में से एक विधायक पर आपराधिक मामले दर्ज होने की बात जारी की गई है.
भाजपा के 28 विधायक करोड़पति
इनमें संगीन आपराधिक मामलों वालों की संख्या पार्टी के आधार पर कांग्रेस में एक, भाजपा में छह और माकपा के एक है. एडीआर की विश्लेषण रपट के अनुसार 68 विधायकों में से 52 यानी 76% करोड़पति है. पिछले विधानसभा चुनावों में यह संख्या 44 यानी 65% थी. पार्टी आधार पर कांग्रेस के 21, भाजपा के 28, माकपा का एक एवं दोनों निर्दलीय विधायकों ने अपनी संपत्ति एक करोड़ रुपये से अधिक होने की घोषणा अपने हलफनामे में की है.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




