Uncategorized

PNB धोखाधड़ी : 200 मुखौटा कंपनियां व बेनामी संपत्ति जांच के दायरे में, अब तक 5674 करोड़ के जेवर जब्त

New Delhi: कम से कम 200 मुखौटा कंपनियां और बेनामी संपत्तियां जांच एजेंसियों की जांच के दायरे में हैं. जांच एजेंसियां पीएनबी में 11 हजार 400 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी की जांच कर रही हैं, जिसमें हीरा कारोबारी नीरव मोदी, उसके रिश्तेदार और व्यापारिक भागीदार मेहुल चोकसी और अन्य के शामिल होने का आरोप है. प्रवर्तन निदेशालय ने मोदी, चोकसी और उनकी कंपनियों की आज लगातार चौथे दिन तलाशी जारी रखी.  ईडी धन शोधन निरोधक अधिनियम (पीएमएलए) के तहत कम से कम दो दर्जन अचल संपत्तियों को कुर्क करने जा रही है.

इसे भी पढ़ेंः झारखंड के 14 में 10 सांसदों की पत्नी है कमाऊ, अगली बार से बताना होगा कैसे कमाए लाखों रुपये
देश भर में 45 ज्वेलरी शोरुम में छापा
ईडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आयकर विभाग ने मोदी, उनके परिवार के सदस्यों और कंपनियों की जिन 29 संपत्तियों को अस्थायी तौर पर कुर्क किया है, उसका पीएमएलए के तहत ईडी आकलन कर रही है.  धन शोधन निरोधक कानून के तहत शीघ्र कुछ और संपत्तियों को भी कुर्क किया जाएगा.  उन्होंने कहा कि ईडी और आयकर विभाग ने देश और विदेश में 200 डमी या मुखौटा कंपनियों पर ध्यान केंद्रित किया है, जिनका इस्तेमाल कथित धोखाधड़ी के हिस्से के रूप में धन को भेजने या हासिल करने में किया जाता था.

इसे भी पढ़ेंः पटना में नीरव मोदी के ठिकानों पर ईडी की छापेमारी, 2.25 करोड़ की संपत्ति जब्त
अब तक 5674 करोड़ के हीरे व जेवर जब्त

इस बात का संदेह है कि इन मुखौटा कंपनियों का इस्तेमाल आरोपी धन शोधन करने और जमीन, सोना और बेशकीमती रत्नों के रूप में ‘बेनामी’ संपत्ति खरीदने में कर रहे थे. इसकी आयकर विभाग अब जांच कर रहा है. सूत्रों ने बताया कि ईडी और आयकर विभाग ने मामले की जांच के लिये विशेष दलों का गठन किया था. ईडी ने अब तक मामले में 5674 करोड़ रुपये के हीरे, सोने के जेवर और बेशकीमती रत्न जब्त किये हैं.आयकर विभाग ने कर चोरी की जांच के सिलसिले में गीतांजलि जेम्स, इसके प्रमोटर मेहुल चोकसी और अन्य के नौ बैंक खातों से लेन-देन पर कल रोक लगा दी थी. उसने मोदी, उनके परिवार के सदस्यों और उनके स्वामित्व वाले फर्मों की 29 संपत्तियां कुर्क कर ली थीं और 105 बैंक खातों से लेन-देन पर रोक लगा दी थी. 

 

न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button