
Palamu : प्रेम-प्रसंग में नाबालिग का वीडियो बनाकर वायरल करने के आरोप में पुलिस ने कार्रवाई की है. जिले की लेस्लीगंज पुलिस ने लेस्लीगंज के सेहरा निवासी रफीक अंसारी के पुत्र शमसाद अंसारी को गिरफ्तार किया है. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापमारी की जा रही है.
इसे भी पढ़ें- तमिलनाडू से झारखंड आनेवाली 50 मेगावाट विंड एनर्जी के दावे फेल, सोमवार तक मिलनी थी बिजली, लेकिन अबतक हो रही टेस्टिंग
22 अगस्त को पीड़िता ने दर्ज करायी थी प्राथमिकी
लेस्लीगंज थाना में डीएसपी प्रेमनाथ ने बताया कि 21 अगस्त को लड़का-लड़की के स्कारपियो के अंदर वीडियो वारयल होने के बाद कार्रवाई तेज की गयी. लेस्लीगंज और सतबरवा थाना प्रभारी क्रमशः राणा जंगबहादुर और नवीन प्रसाद के सहयोग छापामारी की गयी. 22 अगस्त को इस संबंध में पीड़िता द्वारा प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. कार्रवाई के दौरान काफी प्रयास के बाद शमसाद अंसारी को पांकी अंचल के पुलिस निरीक्षक जेपी सिंह द्वारा गिरफ्तार किया गया.
इसे भी पढ़ें-आखिर इजरायल दौरे पर जा रही किसानों की टीम में मंत्री रणधीर सिंह का नाम क्यों नहीं?
बेतला से लौटते वक्त बनाया गया था वीडियो
उन्होंने बताया कि कांड के गहन अनुसंधान व जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि विगत छह माह से पीड़िता के साथ शमसाद अंसारी का परिचय हुआ था और मामला प्रेम-प्रसंद में बदल गया. इसी क्रम में करीब एक माह पहले वाहन चालक शमसाद अंसारी पीड़िता को बेतला पार्क घुमाने ले गया. रास्ते में सतबरवा के दानिश अंसारी को भी साथ ले गया. लौटते वक्त दानीश के मोबाइल से शमसाद ने सेल्फी वीडियो लिया. शमसाद अंसारी जब अपना नया मोबाइल खरीदा तो दानीश के मोबाइल से वीडियो अपने मोबाइल पर मंगवाया तथा अपने एक मित्र सेहरा निवासी सज्जाद अंसारी को व्हाट्सएप पर भेजा. सज्जाद ने वीडियो को वायरल कर दिया. वीडियो वारयल होने की सूचना शमसाद अंसारी को 19 अगस्त को हुई तो 20 अगस्त को सुबह में उसने पीड़िता से मोबाइल पर बातचीत की.
डीएसपी ने कहा कि वीडियो-आडियो एवं जांच के आधार पर जो तथ्य उभरकर आये हैं वह निश्चित रूप से पूर्व परिचित होने एवं आपसी प्रेम प्रसंग की ओर इंगित करता है. चूंकि पीड़िता नाबालिग है इस कारण पुलिस द्वारा अभियुक्त के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जा रही है. गिरफ्तार आरोपी के पास से एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया गया है. अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापमारी तेज की गयी है। मौके पर पांकी अंचल के पुलिस निरीक्षक जेपी सिंह और लेस्लीगंज के थाना प्रभारी राणा जंगबहादुर सिंह भी मौजूद थे.




