Uncategorized

जम्मू विधानसभा में नेशनल कांफ्रेंस के विधायक ने लगाये पाकिस्तान के समर्थन में नारे

Jammu : जम्मू कश्मीर विधानसभा में शनिवार को सुंजवान में एक सैन्य शिविर पर आतंकवादी हमले को लेकर भाजपा सदस्यों द्वारा पाकिस्तान की निंदा किए जाने के बाद नेशनल कांफ्रेंस के एक वरिष्ठ विधायक ने पाकिस्तान समर्थक नारे लगाये. नेकां ने अपने विधायक मोहम्मद अकबर लोन द्वारा नारे लगाये जाने से खुद को अलग कर लिया. जैसे ही यहां सदन की कार्यवाही शुरू हुई, तो विधायकों ने पार्टी के रूख से इतर आतंकवादी हमले की निंदा की और सरकार की ओर से एक बयान की मांग की.

पाकिस्तान विरोधी नारे लगाने से गुस्से में आये अकबर लोन

विधानसभा अध्यक्ष कविंदर गुप्ता ने कुछ टिप्पणियां की, जिसके बाद भाजपा सदस्यों ने पाकिस्तान के खिलाफ जोरदार ढंग से नारेबाजी की. नेकां विधायक जावेद राणा, अली मोहम्मद सागर, अकबर लोन, अब्दुल माजिद लार्मी और अन्य अध्यक्ष के आसन के समीप आए गए और उन्होंने गुप्ता से माफी की मांग की. इस बीच भाजपा ने पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी तेज कर दी और इसके जवाब में गुस्साए अबकर लोन अपनी सीट पर खड़े हो गए और वे पाकिस्तान के समर्थन में नारे लगाने लगे. सदन में हंगामे के कारण अध्यक्ष कविंदर गुप्ता ने सुबह 10:15 बजे कार्यवाही स्थगित कर दी.

पाकिस्तान के समर्थन में नारेबाजी मामले में लोन ने दी सफाई

संवाददाताओं से बातचीत में अकबर लोन ने कहा कि उन्होंने भाजपा को जवाब देने के लिए पाकिस्तान के समर्थन में नारे लगाए. उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने ऐसा दिखाया कि वह मुस्लिमों से नफरत करती है. उन्होंने कहा कि अध्यक्ष कविंदर गुप्ता का बयान दिखाता है कि उनके दिमाग में क्या है. बाद में अध्यक्ष ने अपनी टिप्पणियां सदन की कार्यवाही से निकाल दीं.

इसे भी पढ़ें : एसपी थानेदार पर बना रहे हैं दबाव, सरेंडर करनेवाले नक्सली नकुल यादव के खिलाफ कोर्ट में बयान देने से कर रहे हैं मना

नेकां ने नारेबाजी की निंदा करते हुए इसे अस्वीकार्य बताया

पार्टी प्रवक्ता जुनैद अजीम मट्टू ने ट्वीट कर कहा कि अभी नेकां प्रमुख फारूक अब्दुल्ला साहब से बात की. डॉ. साहब और पूरी पार्टी इस रूख पर एकमत है कि सोनवारी से नेकां विधायक अकबर लोन ने पार्टी के रूख से अलग बात की और विधानसभा में उनकी नारेबाजी पार्टी के लिए पूरी तरह से अस्वीकार्य है. नेकां प्रमुख ने कहा कि लोन को यह नहीं भूलना चाहिए कि वह ऐसी पार्टी से ताल्लुक रखते हैं, जिसने दो राष्ट्र की थ्योरी को नकार दिया था. उन्होंने कहा कि पार्टी उनकी टिप्पणी से खुद को अलग करती है और उसकी निंदा करती है.

सैन्य शिविर पर हमला दुर्भाग्यपूर्ण : उमर अबदुल्ला

पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने भी एक ट्वीट कर कहा कि वह पार्टी अध्यक्ष के विचारों का समर्थन करते हैं और पार्टी इस मुद्दे पर और अधिक कुछ नहीं कहेगी. उमर ने एक अन्य ट्वीट में कहा कि हमें सुंजवान सैन्य शिविर में दुर्भाग्यपूर्ण घटनाक्रमों पर ध्यान लगाना चाहिए और गलत नारेबाजी से ध्यान नहीं भटकाना चाहिए.

न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button