
Ranchi: रांची के मोरहाबादी मैदान में 28 जनवरी को कुड़मी विकास मोर्चा की ओर से विशाल रैली का आयोजन किया गया था. इसकी सफलता को देखते हुए अब दूसरे गुट के कई राजनीतिक दलों के कुड़मी नेता भी एकजुट हो गये हैं. ये एकजुट कुड़मी नेता इसी महीने की 21 तारीख को ईचागढ़ के जयदा मंदिर के पास ‘आदिवासी कुड़मी मिलन समारोह सह वनभोज’ के नाम से आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे.
कुडमी समाज के लोगों ने दी थी अपने ही बिरादरी के नेताओं को चुनौती
कुडमी समाज के इस आयोजन में आजसू, झामुमो, भाजपा के राजनेतों ने भी बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया. इस कार्यक्रम को सफल करने में कुड़मी विकास मोर्चा ने जी जान से दिन रात एक करके कोशिश की थी. न्यूज विंग के साथ खास बातचीत में कुड़मी विकास मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष शीतल ओहदार ने कहा था, मेहनत उन्होंने की और सारा श्रेय राजनेता ले गये. उन्होंने कहा था कि सत्ता का साथ देने वाला कोई भी नेता, चाहे वह पक्ष का हो या विपक्ष का कुड़मियों के आदिवासी का दर्जा देने की मांग के लिए सरकार पर अगर दबाव नहीं बनाया तो अगली चुनाव में उन्हें सबक सीखा देंगे. इंटरनेट और सोशल साइट पर शीतल के इस इंटरव्यू को खूब देखा गया है और कुड़मी विकास मोर्चा के प्रति सकारात्मक प्रतिक्रियाएं भी देखने को मिलीं.
इसे भी पढ़ेंः पलामू : दिलीप सिंह नामधारी सैकड़ों समर्थकों के साथ JVM में शामिल, भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए जनादेश की मांग
कुड़मी विकास मोर्चा के रांची में आयोजित रैली में आजसू सुप्रीमो सुदेश कुमार महतो, सिल्ली विधायक अमित महतो, बगोदर विधायक नागेंद्र महतो, पूर्व मंत्री केशव महतो, कमलेश आदि ने प्रमुख रूप से भाग लिया था. लेकिन ईचागढ़ में 21 फरवरी को होने वाले ‘आदिवासी कुड़मी मिलन समारोह’ में ये लोग मौजूद नहीं होंगे.
इसे भी पढ़ेंः हेमंत सोरेन का आरोप, खनन विभाग में चल रहा बड़ा घोटाला, सचिव की अधिवक्ता पत्नी हाइकोर्ट में सरकार की वकील
कुड़मी नेताओं के पिकनिक में आयोजित होंगे रंगारंग कार्यक्रम
इस आयोजन में आजसू से ही चंद्रप्रकाश चौधरी, रांची सांसद रामटहल चौधरी, जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो, डुमरी विधायक जगन्नाथ महतो और ईचागढ़ विधायक साधुचरण महतो प्रमुख रूप से भाग लेंगे. इस कार्यक्रम को लेकर ईचागढ़ विधानसभा स्तरीय कुडमी समाज की ओर से एक पोस्टर जारी किया गया है. इस पोस्टर के जरिये कुड़मी समाज के बुद्धिजीवी, समाजसेवी, जनप्रतिनिधियों को जयदा मंदिर में आयोजित समारोह में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है. पोस्टर में बताया गया है कि इस समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे. जिसमें ओडि़शा के झुमर सम्राट दीपक महतो की टीम और खरसांवा के झुमर सम्राट संतोष महतो की टीम रंगारंग कार्यक्रम पेश करेंगे.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




