JharkhandLead NewsNEWSRanchiTOP SLIDER

केंद्रीय मंत्री गडकरी जल्द आयेंगे झारखंड, कई सड़कों की सौगात मिलने की उम्मीद

Ranchi: केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी जल्द ही झारखंड के दौरे पर आने वाले हैं. दौरे के दौरान वह झारखंड को कई महत्वपूर्ण सड़कों-पुलों की सौगात देंगे. झारखंड में सड़कों का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे. केंद्रीय मंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए एनएचएआई झारखंड की ओर से तैयारी तेज की गयी है. पथ निर्माण विभाग के एनएच विंग की ओर से भी अलग से तैयारी की जा रही है. अधिकारियों के अनुसार केंद्रीय मंत्री इसी माह 23 जनवरी तक झारखंड आने वाले थे,लेकिन इसे फिलहाल टालकर मार्च किया गया है. इस बीच यह प्रयास हो रहा है कि वैसी सड़क परियोजना जो पूर्ण वाली है, उसे पूर्ण करा दिया जाये. वहीं,वैसी सड़कें जिसकी स्वीकृति केंद्र से मिल गयी है और निविदा आदि की प्रक्रिया चल रही है उसके निर्माण का शिलान्यास कराया जाये. एनएचएआई इसके लिए सड़कों की सूची तैयार कर रहा है. योजनाओं में गति देने के लिए विभाग के इंजीनियर सड़कों का निरीक्षण भी कर रहे हैं ताकि संवेदकों से जल्द ही काम पूर्ण कराने को कहा जा सके.

रांची-जमशेदपुर रोड का होगा उद्घाटन,कुडू-वाराणसी रोड का होगा शिलान्यास

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी अपने झारखंड दौरे में रांची-जमशेदपुर-महुलिया फोरलेन रोड का उद्घाटन भी करेंगे. चार पैकेज में बने रहे इस रोड का तीन पैकेज का काम लगभग समाप्त हो गया है. वहीं,पैकेज वन रांची बाइपास का काम 83 फीसदी पूरा हुआ है. ऐसे में तीन पैकेज का काम का उद्घाटन किया जायेगा. इसके अलावा रांची-कुडू-डालटेनगंज-गढ़वा होते हुए वाराणसी के लिए बनायी जाने वाली फोरलेन रोड का शिलान्यास किया जायेगा. पांच सेक्शन में बन रहे इस रोड में अधिकांश पर स्वीकृति लेकर टेंडर जारी हो चुका है. यह प्रयास हो रह है कि अगले एक माह में शेष रोड की प्रक्रिया पूरी कर दी जाये। इसी तरह,एनएच विंग झारखंड भी प्रयास कर रहा है कि केंद्र गिरिडीह बाइपास व हजारीबाग-बगोदर होते हुए एनएच 2 को जोड़ने वाली फोरलेन रोड निर्माण की मंजूर दे ताकि इसका भी शिलान्यास किया जाये. दुमका में भी एक रोड निर्माण का शिलान्यास किया जायेगा. वहीं,पथ निर्माण विभाग रांची आउटर रिंग रोड के निर्माण का भी प्रस्ताव तैयार कर रहा है. यह प्रयास हो रहा है कि इसी माह प्रस्ताव केंद्र को भेज दिया जाय. इसपर लगभग छह हजार करोड़ लागत आने का आकलन किया गया है. ऐसे में इस प्रोजेक्ट की स्वीकृति लेकर शिलान्यास कराया जाय. कुछ अन्य प्रोजेक्ट की सूची तैयार की जा रही है जिसका उद्घाटन-शिलान्यास किया जायेगा.

Related Articles

Back to top button