
Ranchi: राज्य के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रिम्स की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपर निदेशक हर्ष मंगला ने बैठक की. केली बंगला स्थित अपर निदेशक कार्यालय में हुए इस बैठक में रिम्स के उप निदेशक गिरजा शंकर प्रसाद, अधीक्षक डॉ विवेक कश्यप, उपाधीक्षक डॉ संजय कुमार सहित एवरेस्ट ह्यूमन रिसोर्सेज प्राइवेट लिमिटेड के संचालक, सेवानिवृत्त मेजर विनय कृष्णा और प्रदीप कुमार सिंह उपस्थित थे. बैठक के दौरान एजेंसी के मेजर विनय कृष्णा ने कहा कि हमने रिम्स प्रबंधन से कभी भी सेवा विस्तार देने की बात नहीं की, बल्कि रिम्स प्रबंधन हमें खुद से सेवा विस्तार देकर काम कराने का आग्रह करता रहा है.
इसे भी पढ़ें – बूढ़ा पहाड़ पर अफसरों की गलती से गयी छह जवानों की जान, कार्रवाई करने व गलती सुधारने के बजाय गलतियों को छिपाने में जुटा पुलिस महकमा
सैप जवानों के इंचार्ज सोम राव के साथ भी की गई बैठक
उन्होंने यह भी कहा कि हमारे सुरक्षाकर्मी चार माह से वेतन नहीं मिलने के बावजूद भी ईमानदारी से अपनी ड्यूटी का निर्वहन करते रहे हैं. कहा कि क्या रिम्स की सुरक्षा व्यवस्था में लगाए गए सैप के जवानों को एक माह का वेतन नहीं मिलेगा, तो क्या वह भी हमारे सुरक्षाकर्मियों की तरह कार्य करते रहेंगे. इस सवाल पर अपर निदेशक ने अधीक्षक और उपाधीक्षक से वेतन में विलंब होने के कारण के बारे में जाना और आगे से नियमित रूप से वेतन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. अपर निदेशक ने एजेंसी के संचालक को आश्वस्त किया कि रिम्स में तैनात सभी सुरक्षाकर्मियों को तत्काल नहीं हटाया जाएगा.
जो सुरक्षाकर्मी ईमानदारी और निष्ठा पूर्वक अपने बेहतर कार्य का प्रदर्शन करेंगे, उन्हें प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया जाएगा और जो सुरक्षाकर्मी काम में लापरवाही बरतेंगे उन्हें ड्यूटी से निष्कासित कर दिया जाएगा. उसके बाद अपर निदेशक ने सैप के जवानों के इंचार्ज सोम राव के साथ भी बैठक की और उन्हें रिम्स की सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनाने में सहयोग करने का निर्देश दिया.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




