News Wing Giridih, 28 November: गिरिडीह के बेंगाबाद प्रखंड मुख्यालय में पुनर्वास की मांग के साथ धरना पर बैठे नईटांड़ के ग्रामीणों के समर्थन में विभिन्न राजनीतिक दल खुलकर सामने आ गए हैं. सोमवार से आरम्भ हुए इस अनिश्चितकालीन धरना को भाकपा माले, कांग्रेस, जेवीएम, जेएमएम आदि राजनीतिक दलों ने अपना समर्थन दिया है. राजनीतिक दल आंदोलन को धारदार बनाने में जुट गए हैं. मंगलवार को तमाम राजनीतिक दलों के नेताओं ने धरना स्थल पर पहुंचकर बेघर हुए लोगों के समर्थन में जोरदार ढंग से आवाज बुलंद की. जेवीएम नेता लक्ष्मण स्वर्णकार, जेएमएम नेता नुनुराम किस्कू उर्फ टाइगर, कांग्रेस नेता डॉ सरफराज अहमद, युवा कांग्रेस के नेता हसनैन आलम समेत कई नेताओं ने विस्थापितों के लिए अविलंब पुनर्वास की मांग प्रशासन से की. इस क्रम में तमाम दलों के नेताओ ने कहा कि सरकार गरीबों पर अत्याचार कर रही है, प्रशासनिक अधिकारी सिर्फ छोटे गरीब-गुरबों को टारगेट कर कार्रवाई कर अपनी वाहवाही लूटने में लगी हुई है, जबकि बड़े-बड़े रसूखदार लोग खुलेआम कानून को ताक पर रखकर अधिकारियों के सांठ-गांठ से अवैध रूप से जमीन का कारोबार कर रहे हैं.
यह भी पढ़ेंः सीएम जनसंवाद का सच है सुनेजा बेवा की कहानी, न्याय तो दूर कार्रवाई भी नसीब नहीं, और अब सुनवाई के लिए नंबर ही नहीं आता
नेताओं ने उठाया बेंगाबाद सीओ की कार्यशैली पर सवाल
तमाम नेताओं ने बेंगाबाद सीओ की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सीओ शम्भू राम किसी के इशारे पर गरीबों को सताना बंद करें अन्यथा परिणाम सही नहीं होगा. लोगों ने कहा कि जितने भी लोग अतिक्रमण हटाने के नाम पर बेघर किये गए हैं, यदि प्रशासन उनके लिए पुनर्वास की व्यवस्था जल्द नहीं करती है तो उग्र आंदोलन को बाध्य होना पडेगा. कहा कि धरना के 24 घंटे से अधिक बीत जाने के बाद भी अधिकारियों के कान में जूं तक नही रेंगना इनकी संवेदनहीनता को दर्शाता है. मौके पर नेताओं ने कहा कि अगर धरनार्थी गलत हैं या उनके पास भूमि या रहने का मकान है तो प्रशासन क्यों उनके आवास को नहीं दिखा रही है. लोगों ने प्रशासन को अल्टीमेटम दिया है कि यदि अविलंब इस मुद्दे पर कोई पहल नहीं हुई तो मजबूरन प्रखंड मुख्यालय में ताला जड़ दिया जाएगा.
डॉ सरफराज अहमद ने धरनार्थियों को मुहैया कराया कंबल
इस दौरान कांग्रेस नेता डॉ सरफ़राज़ अहमद ने धरना पर बैठे लोगों को ठंड से बचने के लिए कम्बल मुहैया कराया. जिसके बाद तमाम लोगों ने मिलकर बीडीओ एवं सीओ से वार्ता की. वार्ता के बाद यह निष्कर्ष निकाला कि बुधवार को प्रशासनिक अधिकारियों की एक टीम प्रखंड प्रमुख रामप्रसाद यादव समेत अन्य लोगों के साथ जाकर स्थल का निरीक्षण करेंगे और जो लोग भूमिहीन हैं उनके लिए पुनर्वास की व्यवस्था की जाएगी.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




