Saurav Shukla
Ranchi, 21 November: राज्य में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए झारखंड स्थापना दिवस के दिन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के हाथों 108 एंबुलेंस योजना का शुभारंभ किया गया था. स्थापना दिवस की शाम महात्मा गांधी रोड पर एंबुलेंस के काफिले को दौड़ाकर सरकार ने खुद अपनी पीठ थपथपा कर वाहवाही लूटने का काम किया था. राज्य स्थापना दिवस के दिन आयोजन स्थल पर एंबुलेंस में दिए जाने वाली सुविधाओं को राज्य के मुख्यमंत्री ने सवा तीन करोड़ जनता के समक्ष रखा. लेकिन जब न्यूज विंग के द्वारा एंबुलेंस की पड़ताल की गयी तब यह बात सामने आयी कि एंबुलेंस में बच्चों के लिए मास्क ना होने के कारण वेंटिलेटर की सुविधा उपलब्ध नहीं है. वहीं दवा के लिए लगाए गए मेडिकल बॉक्स भी खाली है. मरीजों की बेहतर उपचार के लिए शुरू की गई सेवा फिलहाल एक टेक्नीशियन के भरोसे ही छोड़ दिया गया है. वहीं एम्बुलेंस की खिड़की भी टूटी हुई है. जिसकी वजह से मरीजों को धूल- गंदगी के साथ अन्य संक्रमण का खतरा भी हो सकता है.
देखें वीडियो
एम्बुलेंस में लगे मेडिकल बॉक्स में नहीं है दवा
एंबुलेंस में मौजूद टेक्नीशियन हेमंत साहू ने कहा कि मेडिकल इमरजेंसी के समय 108 नंबर पर संपर्क कर सुविधा ली जा सकती है. वेंटिलेटर, ऑक्सीजन और प्राथमिक उपचार के लिए दवा की व्यवस्था की गई है. वर्तमान में वयस्क के लिए वेंटिलेटर की व्यवस्था है, लेकिन बच्चों का मास्क नहीं होने के कारण उन्हें सेवा से वंचित रहना पड़ेगा. वर्तमान समय में एम्बुलेंस में दवा की सुविधा भी उपलब्ध नहीं है.
देखें वीडियो
एम्बुलेंस सेवा के शुरू होने से स्वास्थ्य सुविधा होगी बेहतर: डॉ.एसएस हरिजन
सिविल सर्जन डॉ.एसएस हरिजन का कहना है कि एंबुलेंस सेवा के शुभारंभ होने से स्वास्थ्य सुविधा सुदृढ़ होगी. सरकार ने निर्णय लिया है कि पूरे राज्य में 329 एंबुलेंस दी जाएगी. औसतन एक जिले को 13 से 14 एंबुलेंस मुहैया कराई जाएगी. उन्होंने कहा कि इसका उपयोग घायल और गंभीर रुप से बीमार लोग कर सकते हैं. दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति के लिए पहला एक घंटा महत्वपूर्ण होता है, वक्त पर एम्बुलेंस मिल जाने से मरीज की जान बच सकती है.
देखें वीडियो
घूम-घूमकर स्वास्थ्य सुविधा पहुचाने का है उद्देश्य: रामचंद्र चंद्रवंशी
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी ने कहा कि 108 नंबर एंबुलेंस शुरू हो जाने से स्वास्थ्य सुविधा बेहतर होगी. एक लाख की जनसंख्या पर यह एंबुलेंस घूम-घूमकर लोगों को स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाएगी.
गाड़ी को मेंटेनेन्स की जरूरत: चालक
एंबुलेंस में प्रतिनियुक्त ड्राइवर ने नाम न लिखने की शर्त पर कहा कि एंबुलेंस को मेंटेनेंस की जरूरत है. एंबुलेंस के क्लच व स्टेयरिंग में समस्या है. बता दें कि सरकार के द्वारा एंबुलेंस की खरीददारी एक साल पहले ही की गयी थी. लेकिन खरीदारी के बाद सभी गाड़ियों को नामकुम एनआरएचएम में खुले में रखा गया था, जिसकी वजह से एंबुलेंस की हालत खराब हुई है.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




