Md. Asghar Khan
Ranchi, 20 November: रांची का कांके शहर के पॉश इलाकों में गिना जाता है. फोर लेन सड़क और बहुमंजिली इमारतें शहर की खूबसूरती को बयां करती है, लेकिन इसी सड़क से महज दो सौ मीटर की दूरी पर स्थित वार्ड नंबर एक में बसी चंदवे बस्ती सरकारी सुविधाओं से महरूम है. यहां न बिजली है न सड़क-नाली. लगभग तीन सौ घर की चंदवे बस्ती में कई घरों के लोग खुले में शौच करने से मुक्त भी नहीं हो पाये. शाम होते ही यह बस्ती गांव में तब्दील हो जाती है. कुछ गली में बनी पीसीसी सड़कें छोड़ दें तो अधिकतर कच्ची सड़के ही नजर आएंग.। नालियां इन्हीं सड़कों पर पसरी हैं. स्थानीय लोग पार्षद से शिकायत भी कर चुके हैं, लेकिन कुछ नहीं बदलता.
शहर नाम का है, स्थिति गांव से भी खराब
चंदवे बस्ती में बिजली कुछ घर तक पहुंची भी है तो बांस के खंभे के सहारे. वहां न निगम स्ट्रीट लाइट नजर आता है, और ना बिजली का खंभा. सुरेश मुंडा और इलीम हेमब्रम कहते हैं कि घर तो छोड़ दीजिए, बस्ती में पोल वाले बल्ब भी नहीं हैं. कैसर अहमद और मुजम्मिल अंसारी का कहना है कि हमलोग शहर के निवासी कहलाते हैं, लेकिन बस्ती की हालत गांव से भी खराब है. पीसीसी की सड़कें बहुत पहले बनी थी, जो अब जर्जर स्थिति में है. बरसात में कच्ची सड़कें किचकिच हो जाती हैं, जिसके कारण घर से निकलना तक मुश्किल हो जाता है. नालियां भी नहीं है. पार्षद को समास्याएं कई बार दुखड़ा सुना चुके हैं, लेकिन हालत नहीं बदले हैं. वहीं लालू मुंडा, बैजनाथ ठाकुर शौचालय नहीं होने के कारण खुले में शौच करते हैं. बुनियादी सुविधाओं से महरूम चंदवे बस्ती के लोग वार्ड नंबर एक की पार्षद से काफी नाराज हैं.
वीआईपी क्षेत्र कैसे घोषित कर दिया गया, पता नहींः पार्षद
वार्ड नंबर एक की पार्षद सुनीता तिर्की ने इन समस्याओं को लेकर कहा कि बिजली,सड़क और नाली के मुद्दे को नगर निगम बोर्ड की बैठक में कई बार उठा चुकी हैं, लेकिन निगम कोई ध्यान ही नहीं देता है. उन्होंने कहा कि बिजली के पोल कुछ जगहों पर लगे हैं. एलईडी लाइट भी लगाई जा रही है. सड़कों के सवाल कर पर कहा कि जल्द ही सड़क भी बनेंगे. उन्होंने कहा कि ये सच्चाई है कि शहर में रहते हुए चंदवे बस्ती के लोग ग्रामीणों की तरह जीवन-यापन कर रहे हैं. अपने स्तर हर तरह की सुविधा देने की कोशिश कर रही हैं. पार्षद ने कहा कि कांके वीआईआपी क्षेत्र है, जहां के हाल ऐसे हैं. आखिर कैसे इसे वीआईपी घोषित कर दिया गया.




