News Wing
Jammu-Kashmir, 17 November: जम्मू-कश्मीर में 10 नवंबर को लश्कर-ए-तैयबा में शामिल हुए कॉलेज छात्र और फुटबॉलर माजिद अर्शीद ने सुरक्षाबलों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है. अधिकारियों ने बताया कि अर्शीद गुरुवार रात दक्षिण कश्मीर में सुरक्षा बलों के शिविर में आया और उसने हथियारों और गोला बारुद के साथ आत्मसमर्पण कर दिया. जिसके बाद उसे शुक्रवार सुबह एक अज्ञात स्थान पर ले जाया गया.
माता-पिता और पुलिस की अपीलों के बाद किया आत्मसमर्पण
ऐसा माना जाता है कि दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग में स्थानीय फुटबॉल टीम का गोलकीपर कॉलेज छात्र एक मुठभेड़ में अपने करीबी दोस्त के मारे जाने के बाद आतंकवादी गतिविधियों में शामिल हो गया था. पुलिस उसके दोस्तों और परिवार के सदस्यों के लगातार संपर्क में थी और उनसे अर्शीद पर घर वापस आने का दबाव डालने का अनुरोध कर रही थी. अर्शीद ने अपने माता-पिता और जम्मू कश्मीर पुलिस की अपीलों के बाद आत्मसमर्पण किया. उसके माता-पिता ने टेलीविजन और सोशल मीडिया पर उससे आत्मसमर्पण करने की अपील की थी. सोशल मीडिया पर वह वीडियो वायरल हो गई थी जिसमें उसकी मां असिया खान रो रही थी और उसे घर लौटने के लिए कह रही थीं.
पुलिस अधिकारी ने ट्वीट कर दी जानकारी
टि्वटर पर एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने इस बारे में जानकारी दी. उन्होंने लिखा कि हमें वह वापस मिल गया है. यह वाकई में खुशी का पल है. यह उसकी मां की मन्नतों का परिणाम है. जिन लड़कों ने हथियार उठा रखे हैं, उसने गुजारिश है कि वे अपने घरों को लौट आएं.




