
Ranchi: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की भाभी व जेएमएम विधायक सीता सोरेन ने एक बार फिर अपनी ही सरकार में अधिकारियों के रवैये और उनके कामकाज के तरीकों पर सवाल उठाये हैं. विधायक सीता सोरेन ने ट्वीट कर कहा है कि धनबाद SSP की मौन सहमति और अप्रत्यक्ष रूप से समर्थन के कारण जिले में कोयले का अवैध खनन और परिवहन धड़ल्ले से जारी है.
हर दिन सरकार को करोड़ों का हो रहा है नुकसान
विधायक सीता सोरेन ने ट्वीट कर कहा कि धनबाद में कोयले के अवैध खनन और परिवहन से राज्य सरकार को प्रतिदिन करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है. जिसे सरकार को देखना चाहिये. उन्होंने इस मामले को लेकर केंद्रीय गृह मंत्रालय, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, ईडी के क्षेत्रीय निदेशक और सीआईएसएफ मुख्यालय को भी ट्वीट से टैग किया है और इसपर कार्रवाई की मांग की है.

बता दें कि जेएमएम विधायक सीता सोरेन राज्य में कोयले के अवैध उत्खनन और परिवहन को लेकर लगातार विधानसभा से लेकर सड़क तक आवाज उठाती रही हैं. झामुमो विधायक सीता सोरेन ने पिछले दिनों चतरा जिले के टंडवा-पिपरवार क्षेत्र में गैर कानूनी तरीके से वनभूमि का अतिक्रमण कर कोयले के अवैध परिवहन का मामला भी विधानसभा में उठाया था. उन्होंने इस संबंध में राजभवन जाकर राज्यपाल से शिकायत भी की थी. वहीं राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्रालय से भी कार्रवाई की मांग की थी.
इसे भी पढ़ें: विवादों में चैंबर चुनाव: सदस्य बोले-चुनाव अपारदर्शी व गलतीयुक्त, चेयरमैन ने कहा, परिस्थिति के अनुसार लिया निर्णय




