News Wing
Suleimania,13November :ईरान-इराक की पहाड़ी सीमा पर 7.3 की तीव्रता का भूकंप आने से भूकंप से मरने वालों की संख्या बढ़कर 328 हो गई है और 2500 से अधिक लोग घायल हैं. तेहरान के एक अधिकारी ने इस बात की पुष्टी की है. सरकारी मीडिया ने कोरोनर कार्यालय के हवाले से बताया कि 7.3 की तीव्रता वाले भूकंप में कम से कम 2,530 लोग घायल हुए हैं.वहीं इससे पहले आयी जानकारी के मुताबिक 207 लोगों के मारे जाने और 1,700 लोगों के घायल होने की खबर थी. वहीं भूकंप के कारण हुए भूस्खलन बचाव कार्यों में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं.
टि्वटर पर पोस्ट किये गये एक फुटेज में घबराए हुए लोग दिखे
टि्वटर पर पोस्ट किये गये एक फुटेज में घबराए हुए लोग उत्तरी इराक में सुलेमानिया स्थित इमारतों से बाहर निकलते नजर आ रहे हैं. निकटवर्ती दरबंदीखान में भी कई प्रमुख दीवारें और कंक्रीट के ढांचे ढह गए. भूकंप की स्थिति को संभालने के लिए स्थापित ईरानी सरकार की आपदा इकाई के उपप्रमुख बेहनम सैदी ने सरकारी टेलीविजन को पहले बताया था कि 164 से अधिक लोग मारे गए हैं और 1,686 से अधिक लोग घायल हैं. इराक की सीमा में छह अन्य लोगों के मारे जाने की भी खबर है.
रात करीब नौ बजकर 20 मिनट पर आया भूकंप
ईरान के करमानशाह प्रांत के डिप्टी गवर्नर मोजतबा निक्केरदर ने कहा, हम तीन आपात राहत शिविर स्थापित करने की तैयारी कर रहे हैं. यूएसजीएस ने बताया कि भूकंप हलबजा से 30 किलोमीटर दूर दक्षिण-पश्चिम में कल रात करीब नौ बजकर 20 मिनट पर आया.




