NEWS WING
Garhwa, 07 November : गढ़वा एसपी एम अर्शी ने मंगलवार की शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के सोनपुरवा मोहल्ले में स्थित अंतरराज्यीय बस अड्डे पर छापेमारी की. छापेमारी में 10 लोगों को गिरफ्तार किया. सभी लोग बस एजेंट्री व अवैध वसूली के धंधे से जुड़े हुए हैं. गिरफ्तार लोगों को पुलिस ने शाम में जेल भेज दिया. उनके पास से 35 हजार रुपये नकद तथा छह मोबाइल बरामद किए गए. एसपी एम अर्शी ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि बस स्टैंड में कुछ लोगों द्वारा अवैध वसूली की जा रही है. सूचना के आलोक में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया है. यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
बस स्टैंड अपराधियों के आय के स्रोत का अड्डा
इस संबंध में एसपी ने पत्रकार सम्मेलन कर पूरे मामले की जानकारी दी. बताया कि बस स्टैंड से कुछ लोगों द्वारा अवैध राशि की वसूली कर पैसा अपराधियों तक पहुंचाया जा रहा था. जब इसका सत्यापन किया गया तो सूचना सही मिली. इसके बाद छापेमारी कर दस लोगों को पकड़ा गया. बस स्टैंड अपराधियों के आय के स्रोत का बड़ा अड्डा बन चुका है. पुलिस इसे पुलिस कतई बर्दाश्त नहीं करेगी.
गिरफ्तार लोगों के नाम
अपराधियों के लिए काम करने के आरोप में सफरैल आलम, संतोष तिवारी, राजेश चंद्रवंशी, सलाहू खान, अरविद कुमार, नागेंद्र तिवारी, फिरोज, प्रदीप पांडेय और मो जहांगीर का नाम शामिल है.
बस स्टैंड को अपराधियों की पनाहगाह नहीं बनने दिया जाएगा
एसपी ने कहा कि बस स्टैंड को अपराधियों की पनाहगाह नहीं बनने दिया जाएगा. इसमें संलिप्त लोगों के साथ पुलिस सख्ती से पेश आएगी ताकि शहर समेत बस स्टैंड में भयमुक्त माहौल स्थापित हो सके. इस मौके पर एसडीपीओ समीर तिर्की, मुख्यालय डीएसपी संदीप कुमार गुप्ता, पुलिस इंस्पेक्टर शंभू गुप्ता समेत कई पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे.
बस स्टैंड में एसपी की कार्रवाई देख मची भगदड़
एसपी एम अर्शी ने शहर की सुरक्षा में तैनात चार पीसीआर वैन के साथ मंगलवार की शाम करीब सवा पांच बजे अचानक बस स्टैंड की घेराबंदी कर छापेमारी शुरू कर दी. वहां मौजूद लोग कुछ समझ पाते तब तक एसपी ने बस स्टैंड से 10 लोगों को पकड़ कर पुलिस वाहन में बैठा दिया. पुलिस की इस अचानक कार्रवाई के बाद कुछ देर के लिए बस स्टैंड में भगदड़ मच गयी. इस दौरान कई लोग पुलिस की डर से इधर-उधर छिपते नजर आये. लेकिन वह पुलिस की इस कार्रवाई से बच नहीं सके.




