Uncategorized

पोंटिंग को पीछे छोड़ कोहली बने नंबर दो शतकवीर

News Wing Ranchi, 22 October: भारतीय कप्तान विराट कोहली अपने 200वें वनडे में शतक जड़कर एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक शतक बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में सचिन तेंदुलकर के बाद दूसरे नंबर पर काबिज हो गये हैं. कोहली का वनडे में यह 31वां शतक है और उन्होंने आस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग को पीछे छोड़ा जिन्होंने 375 मैचों में 30 शतक जमाये थे. अब कोहली से आगे केवल तेंदुलकर हैं जिनके नाम पर 463 मैचों में 49 शतक दर्ज हैं.

200वें मैच में शतक जोड़ने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बने

तेंदुलकर, कोहली और पोंटिंग के बाद इस सूची में सनथ जयसूर्या (28), हाशिम अमला (26), एबी डिविलयर्स और कुमार संगकारा (दोनों 25) का नंबर आता है. यही नहीं कोहली अपने 200वें मैच में शतक जड़ने वाले पहले भारतीय और दुनिया के दूसरे बल्लेबाज बन गये हैं. उनसे पहले केवल दक्षिण अफ्रीका के एबी डिविलयर्स ने यह कारनामा किया था. उन्होंने पिछले साल केपटाउन में इंग्लैंड के खिलाफ अपना 200वां वनडे खेलते हुए 101 रन बनाये थे. भारत की तरफ से अपने 200वें वनडे में इससे पहले सर्वोच्च स्कोर युवराज सिंह के नाम पर था, जिन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 2008 में एडिलेड में अपना 200वां मैच खेलते हुए 76 रन बनाये थे.

वानखेड़े में वनडे शतक लगाने के वाले दूसरे भारतीय कप्तान बने कोहली

कोहली वानखेड़े स्टेडियम में वनडे शतक लगाने वाले दूसरे भारतीय कप्तान हैं. उनसे पहले तेंदुलकर ने 1996 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ यहां 114 रन बनाये थे. कप्तान के रूप में कोहली का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यह 19वां शतक हैं और इस तरह से वह पोंटिंग (41), ग्रीम स्मिथ (33) के बाद माइकल क्लार्क और ब्रायन लारा के साथ संयुक्त तीसरे स्थान पर पहुंच गये हैं.

न्यूजीलैंड के खिलाफ 1000 रन किये पूरे

अपनी इस पारी के दौरान कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 1000 रन भी पूरे किये. इसके लिये उन्होंने केवल 17 पारियां खेली और इस तरह से डीन जोन्स के 19 पारियों के रिकार्ड को तोड़ा. भारत की तरफ से वीरेंद्र सहवाग ने 21 पारियों में कीवी टीम के खिलाफ 1000 रन पूरे किये थे. कोहली इससे पहले श्रीलंका (2186), वेस्टइंडीज (1387) और आस्ट्रेलिया (1182) के खिलाफ वनडे में 1000 से अधिक रन बना चुके हैं. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button