News Wing Sahibganj, 15 October: साहिबगंज सदर अस्पताल में एक महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया. बडहरवा प्रखंड के प्रमोद कुमार महतो ने अपनी पत्नी फुलकी देवी का प्रसव कराने के लिए शनिवार रात 1.40 बजे अस्पताल में भर्ती कराया था. प्रसव के बाद महिला की हालत अचानक बिगड़ने लगी. ड्यूटी में तैनात डॉक्टर ने ब्लड की जरूरत बताई और थोड़ी ही देर में फुलकी की मौत हो गयी.
सुबह तक मृतका के परिजन भी अस्पताल पहुंच गये. इसके बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया. मृतका के पति ने कहा कि अस्पताल कर्मियों की लापरवाही से पत्नी की मौत हुई है. जिस वक्त प्रसव कराया गया उस समय अस्पताल में कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था. वहीं अस्पताल में मौजूद दूसरे मरीजों और उनके परिजनों ने भी अव्यवस्था की बात कही.
मामले की जानकारी मिलने के बाद सामाजिक कार्यकर्ता श्याम सुंदर पोद्दार और मुरलीधर ने अस्पताल में पहुंचकर हंगामा कर रहे लोगों को समझाया और फोन से पूरे मामले की जानकारी सिविल सर्जन को दी. सिविल सर्जन ने कहा कि मामले की जांच की जायेगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी. वहीं मृतका के पति ने सरकार से बच्ची को गोद लेने की अपील की है. उनका कहना है कि बच्ची की मां के मौत के बाद अब उसकी देखभाल करने वाला कोई नहीं है.




