Uncategorized

युवा राजद प्रवक्ता ने जदयू एमएलसी पर धमकी देने का लगाया आरोप

News Wing
Patna, 4 October: राजद के युवा प्रकोष्ठ के प्रवक्ता अरूण कुमार यादव ने प्रदेश में सत्तारूढ़ जदयू के प्रवक्ता और बिहार विधान परिषद सदस्य संजय सिंह पर उन्हें फोन करके धमकी देने का आरोप लगाते हुए इसकी शिकायत पटना के कोतवाली थाना में की है।

पुलिस उपाधीक्षक शिबली नोमानी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है. जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी.

एमएलसी ने आरोप से किया इनकार

इस संबंध में जब एमएलसी संजय से सवाल किया गया तो उन्होंने इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि इस मामले में कानून अपना काम करेगा.

क्या है आरोप

यादव ने कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज करायी है कि उन्हें कल सुबह 10.33 बजे मोबाइल से फोन आया. फोन करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को एमएलसी संजय सिंह बताया और मुझे धमकी देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर नीतीश सरकार के खिलाफ बहुत बोलते और लिखते हो. यादव ने अपने लिखित शिकायत में फोन करने वाले द्वारा गाली दिए जाने, प्रशासन के जरिए बर्बाद करवा देने और जान से मरवा देने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया है.

तेजस्वी ने नीतीश पर लगाया आरोप

इस बीच बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने आज ट्वीट कर आरोप लगाया कि नीतीश जी की अनैतिक सरकार में अपराध और भ्रष्टाचार की गंगा बह रही है. इनकी सृजन घोटाले में संलिप्तता उजागर हो रही है तो ये लोग बौखला गए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के खिलाफ सोशल मीडिया पर लिखने वाले सामाजिक, राजनीतिक कार्यकर्ताओं को नीतीश जी के मुख्य प्रवक्ता जान से मारने की धमकी दे रहे हैं. तेजस्वी ने आगे लिखा है कि जदयू के विधान पार्षद नीतीश सरकार की नीतियों के विरुद्ध लिखने पर लेखकों को जान से मारने की धमकी दे रहे है. इससे बड़ा गुंडाराज क्या होगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button