News Wing
Jamtara, 02 October: जामताड़ा जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वाधान में मंडलकारा परिसर में जेल अदालत, विधिक जागरूकता शिविर, स्वच्छता शपथ समारोह का आयोजन किया गया. इस मौके पर सबसे पहले महात्मा गांधी के चित्रपट पर डीएलएसए के सचिव मनोरंजन कुमार, जेल अधीक्षक प्रीति लता किस्कू, जेल डॉ एनएन चौधरी, जेलर अभिशेष कुमार सिंह के अलावा उपस्थित व्यक्तियों ने माल्यार्पण किया.
स्वच्छता की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कैदियों को संबोधित किया गया
अभिशेष कुमार ने कहा की आज के दिन हमारे देश के उस महापुरूष का जन्मदिन है जिनके जन्म दिन को अंतराष्ट्रीय शांति दिवस के रूप में मनाया जाता है. उन्होंने स्वच्छता की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कैदियों को संबोधित किया. कहा कि स्वच्छता के लिए आप सभी संकल्प लें कि जहां भी रहें वहां गंदगी नहीं फैलायेगें. आस पड़ोस सहित सार्वजनिक स्थल को साफ सुथरा रखेगें.
जीवन में कभी भी अपराध नहीं करेंगे शपथ लें
जेल अधीक्षक प्रीति लता किस्कू ने भी अपने संबोधन में कहा कि जाने अंजाने में लोग छोटे बड़े अपराध करके जेल में आ जाते हैं. आज के दिन शपथ लें कि जीवन में कभी भी अपराध नहीं करेंगे और ना ही किसी को अपराध करने देंगे. उन्होंने भी स्वच्छता पर प्रकाश डाला.
कैदियों को कलम दे कर पुरस्कृत किया गया
जेल के डॉक्टर एनएन चौधरी, अधिवक्ता सुरेश प्रसाद सिंह ने भी अपने विचार रखे. डीएलएसए के सचिव के द्वारा जेल के सभी वार्डों का निरीक्षण किया गया. साफ-सफाई रखने वाले चार वार्डों के वैसे कैदियों को कलम दे कर पुरस्कृत किया गया, जो साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखते हैं. इसके अलावा प्रश्न प्रतियोगिता में कैदियों से चार सवाल महात्मा गांधी के जीवनी से संबंधित पूछे गये. सही जवाब देनेवालों को भी पुरस्कृत किया गया.
ये भी थे उपस्थित
मौके पर अधिवक्ता मुकेश कुमार सिंह, मों सुफियान, विनोद कुमार मंडल के अलावा डीएलएसए के सहायक गिरधारी महतो, मो कस्मुद्धीन और पीएलभी उपस्थित थे.




