News Wing
Ranchi, 24 September: राज्य के सबसे बड़े अस्पताल रिम्स के मरीज कई परेशानियों से जूझ रहे हैं. वार्डों में गंदगी, डॉक्टरों की लिखी दवाईयों का रिम्स में न मिलना, मरीज को बेड न मिलना, डॉक्टरों का समय पर मौजूद नहीं होना जैसी परेशानियां तो रिम्स में आम बात हो गयी है. अब तो हालत यह हो गयी है कि इतने बड़े अस्पताल में पानी की भी किल्लत हो गयी है. अब तो गरीब मरीजों और उनके परिजनों को पानी भी बाहर से खरीद कर पीना पड़ रहा है. पानी नहीं होने की वजह से शौचालय भी गंदा है. बदबू से लोग परेशान हैं.
वार्डन ने झाड़ लिया पल्ला
लोगों ने समस्या वार्डन को सुनाई तो उन्होंने साफ कह दिया कि पानी उपलब्ध कराना उनका काम ही नहीं है. उन्हें सिर्फ दवाइयां देने का काम मिला है. यह काम वाटर सप्लाई डिपार्टमेंट का है. उन्होंने ने खुद अपना ही दुखड़ा सुना दिया कि उन्हें हाथ धोने के लिए भी पानी नहीं मिल रहा है. जब अस्पताल के पदाधिकारी ही पल्ला झाड़ ले रहे हैं तो आखिर मरीजों की सुध कौन लेगा.




