News Wing
Jamtara, 20 September: रघुवर सरकार 1000 दिन पूरे होने पर अपनी उपलब्धियां गिना रही है. सरकार उन योजनाओं की उपलब्धियां जनता को बता रही है, जो सफलता से धरातल पर उतर गये, लेकिन सरकार के 1000 दिन में कई योजनाएं धरातल पर उतर ही नहीं सकी. जामताड़ा में सरकार की उपलब्धियों का पोल 18 करोड़ की लागत से बनी शहरी जलापूर्ति योजना खोल रही है. शहरी जलापूर्ति योजना का शुभारंभ 28-3-2013 को किया गया था. कार्य पूर्ण होने की तिथि 27-3-2015 थी. योजना के तहत शहर के लोगों को 2015 में ही पानी उपलब्ध कराना था. लेकिन आज दो साल होने के बाद भी शहरी जलापूर्ति योजना का लाभ लोगों को नहीं मिल पाया है.
पदाधिकारी दे रहे सिर्फ आश्वासन
विभाग के कार्यपालक पदाधिकारी रास बिहारी ने कहा है कि शीघ्र ही शहर के लोगों को शहरी जलापूर्ति योजना का लाभ मिलेगा. अधिकारी यह आश्वासन आज से नहीं कई महीनों से जनता को दे रहे हैं. जिले में ऐसी ही कई योजनाएं हैं जो सालों से अधूरी पड़ी है. तामझाम के साथ सरकार ने इन योजनाओं को शुरू किया, लेकिन काम सिर्फ कागजों में पूरा हुआ.




