पुलिस–पब्लिक मित्र कार्यक्रम से अपराध पर नकेल कसेगी एन्टी करप्शन एंड क्राइम कंट्रोल कमिटी
NEWSWING
Ramgarh, 14 September : एन्टी करप्शन एंड क्राइम कंट्रोल कमिटी के फाउन्डर सह राष्ट्रीय अध्यक्ष राजलाल सिंह पटेल ने कहा कि अपराध पर रोक लगाने के लिए सूचना तंत्र मजबूत होना जरूरी है. तेजी से बढ़ रहे अपराध पर नकेल कसने के लिए एन्टी करप्शन एंड क्राइम कंट्रोल कमिटी सूचना तंत्र को मजबूत करेगी. उन्होंने कहा कि थाना और ओपी स्तर पर पुलिस–पब्लिक मित्र कार्यक्रम आयोजित कर आम जनता से आस-पास हो रहे किसी भी तरह की घटना की सूचना उपलब्ध कराने के लिए जागरूक करेगी. राजलाल सिंह पटेल गुरुवार को झारखण्ड प्रदेश कमिटी की ओर से स्थानीय लायंस क्लब सभागार में आयोजित पुलिस–पब्लिक मित्र कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे.
अपराध की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील
उन्होंने कहा कि जब तक पुलिस और पब्लिक के बीच मित्रता का सम्बन्ध स्थापित नहीं होगा तब–तक गुप्त सूचनाएं ससमय प्राप्त नहीं हो पाएगी. उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी अपराध को रोकने के लिए हम सभी को आगे आकर अपने आस-पास हो रहे अपराधों का सूचना अविलम्ब पुलिस तक देनी चाहिए. ताकि समय रहते अपराध पर काबू पाया जा सके.
‘हेल्प वीमेन एप्प’ के वीडियो की हुई लांचिंग
वहीं, कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय डॉ वीरेन्द्र चौधरी ने संस्था द्वारा महिला अपराध पर रोक लगाने के लिए एंड्राइड एप्प ‘हेल्प वीमेन एप्प’ के वीडियो की लांचिंग की. हेल्प वीमेन एप्प से महिलाएं कहीं भी कभी भी मुसीबत में आते ही घटना स्थल पर मदद पा सकती हैं. विशिष्ट अतिथी प्रशिक्षु अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी और महिला थाना प्रभारी शकुंतला नाग ने अपने संबोधन में संस्था के कार्यों को सराहते हुए हर समय तत्पर रहने और अपराध नियन्त्रण के लिए मुस्तैद रहने का भरोसा दिलाया.
ये थे मौजूद
कार्यक्रम को संस्था के साइबर क्राइम कंट्रोल सेल के राष्ट्रीय अध्यक्ष आकाश शर्मा, अल्पसंख्यक सेल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एमडी अब्बास, राष्ट्रीय संयुक्त सचिव शेख भुट्टो, युवा सेल के प्रदेश अध्यक्ष पिन्टू कुमार मालाकार, सुनील मिश्रा, तबारक, रंजित मिश्रा, एमडी मुबारक, अंकित, राजदीप रंजन, गलू महतो, राजकुमार महतो, नगेन्द्र शर्मा, साबिर अंसारी, कबीर, ऋतू सागर, सुदेश कौर, सूरज प्रसाद जायसवाल, नितेश कुमार मालाकार ने संबोधित किया.




