News Wing
New Delhi, 11September: गुडगांव स्थित रायन इंटरनेशनल स्कूल के शौचालय में अपने बेटे की क्रूर हत्या की जांच सीबीआई से कराने की पिता की याचिका पर उच्चतम न्यायालय ने आज केन्द्र और हरियाणा सरकार से जवाब मांगा.
तीन सप्ताह में जवाब दे बोर्ड
प्रधान न्यायाधीश दीपक मिश्रा, न्यायमूर्ति ए एम खानविलकर और न्यायमूर्ति धनन्जय वाई चन्द्रचूड की तीन सदस्यीय खंडपीठ ने इस तरह की घटनाओं के मामले में स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी निर्धारित करने और स्कूल में बच्चों की सुरक्षा के लिये दिशानिर्देश बनाने के अनुरोध पर केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से भी जवाब मांगा है. बोर्ड को तीन सप्ताह के भीतर जवाब देना है.
स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच शीर्ष अदालत की निगरानी में सीबीआई से करायी जानी चाहिए: बच्चे के पिता
संक्षिप्त सुनवायी के दौरान पीठ ने कहा कि ‘‘यह याचिका सिर्फ संबंधित स्कूल तक सीमित नहीं है क्योंकि इसका देशव्यापी प्रभाव है।’’ बच्चे के पिता वरूण चन्द्र ठाकुर ने वकील सुशील टेकरीवाल के माध्यम से दायर याचिका में कहा है कि इस संबंध में स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच शीर्ष अदालत की निगरानी में सीबीआई से करायी जानी चाहिए.
आठ सितंबर को हुई थी हत्या
बता दें कि गुरुग्राम स्थित रायन इंटरनेशनल स्कूल के शौचालय में आठ सितंबर को बच्चे का गला रेता हुआ शव मिला था.स्कूल के कंडक्टरों में से एक अशोक कुमार को इस सिलसिले में उसी दिन गिरफ्तार किया गया था. कुमार ने कथित रूप से बच्चे का यौन उत्पीड़न करना चाहा और इसी दौरान उसकी हत्या कर दी.




