Uncategorized

गैंगस्टर को मौत का डर, मां लगा रही सुरक्षा की गुहार

News Wing

Ranchi, 18 August: हजारीबाग कोर्ट में दिनदहाड़े गैंगस्टर सुशील श्रीवास्तव हत्याकांड के बाद चर्चित पांडेय गिरोह के विकास तिवारी को अब डर लगने लगा है. डर की वजह से उसकी मां राज्यपाल द्रोपदी मुर्मू के चौखट तक पहुंच चुकी है और अपने बेटे की सुरक्षा की मांग की है. गैंगस्टर की मां ने राज्यपाल को पत्र लिखकर अपने बेटे की जान बचाने की गुहार लगाई है.

बेटे को ना शिफ्ट किया जाए दुमका जेल

पांडेय गिरोह के गैंगस्टर विकास तिवारी की मां सरोज देवी ने झारखंड के राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू  को पत्र लिखकर विकास को केंद्रीय कारा हजारीबाग से दुमका जेल शिफ्ट ना करने की अपील की है. विकास की मां को शक है कि जेल स्थानांतरण के समय उनके बेटे की हत्या कर दी जा सकती है. उन्होंने राज्यपाल को बताया कि इससे पहले उनके देवर भोला पांडेय की भी हत्या दुमका जेल से रांची न्यायालय में पेशी के लिए लाने के दौरान कर दी गई थी.

दुमका जेल में है खतरा

सरोज देवी ने बताया है कि एक अगस्त 2015 को उनके बेटे विकास तिवारी को हजारीबाग सदर थाना के एक मामले में दिल्ली से गिरफ्तार किया गया था. हवाई मार्ग से रांची लाने के दौरान रांची एयरपोर्ट पर ही उसकी हत्या की साजिश रची गई थी. जो कामयाब नहीं हो सका. करीब दो साल से वह हजारीबाग केंद्रीय कारा में है. विकास की मां का कहना है कि दुमका जेल में उसके विरोधी अनिल शर्मा, डेविड और विनोद खत्री पहले से मौजूद हैं. जो उसे नुकसान पहुंचा सकते हैं. मां का कहना है कि विकास के केस का ट्रायल शुरू हो चुका है. ऐसे में दुमका जेल में स्थानांतरण के बाद वकील और परिवार से मिलने-जुलने में भी परेशानी होगी. बताते चलें कि गैंगस्टर विकास तिवारी दो जून को हजारीबाग कोर्ट परिसर में गैंगस्टर सुशील श्रीवास्तव की हत्या का मुख्य आरोपी है.

कोर्ट परिसर में हुई थी सुशील की हत्या

हजारीबाग केंद्रीय कारा में बंद गैंगस्टर सुशील श्रीवास्तव को दो जून को पेशी के लिए कोर्ट परिसर में लाया गया था. एडीजे द्वितीय आरके सिंह की कोर्ट में पेशी के बाद दूसरे न्यायालय में ले जाये जाने के दौरान विकास तिवारी के गुर्गों ने सुशील श्रीवास्तव पर हमला कर दिया. सुशील के साथ गयासुद्दीन खान और मो. कमाल की भी हत्या कर दी गयी थी.

कैसे पकड़ा गया विकास तिवारी

हजारीबाग एसपी को सूचना मिली थी कि विकास तिवारी 30 जुलाई को दिल्ली पहुंच रहा है. इसके बाद एसपी ने टीम का गठन कर दिल्ली भेजा, जहां कनॉट प्लेस से विकास तिवारी को गिरफ्तार कर लिया गया.

कौन है विकास तिवारी

विकास तिवारी, भोला पांडेय गिरोह का सरगना है. विकास भोला पांडे का भतीजा है. भोला पांडे और फिर किशोर पांडे की हत्या के बाद गिरोह का संचालन विकास तिवारी ही कर रहा था. विकास तिवारी रामगढ़ के पतरातू का रहनेवाला है. किशोर पांडे की हत्या सुशील श्रीवास्तव के गिरोह ने की थी. विकास तिवारी ने इस हत्याकांड का बदला लेने की धमकी दी थी और बीच कोर्ट परिषर में सुशील श्रीवास्तव की हत्या कर डाली थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button