रांची, 27 जुलाई: बिहार के भूतपूर्व मुख्यमंत्री और चारा घोटाला के मुख्य आरोपी लालू प्रसाद यादव केंद्रीय जांच एजेंसी (सीबीआइ) की विशेष अदालत में पेशी के लिए पहुंच गये हैं.
कोर्ट जाने से पहले पत्रकारों ने बिहार में महागंठबंधन के टूटने पर कई सवाल किये लेकिन लालू प्रसाद ने किसी सवाल का जवाब नहीं दिया. गेस्टहाउस से निकलने के बाद पत्रकारों से घिरे राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद ने कहा कि वह लौट कर आयेंगे, तो पत्रकारों से बातचीत करेंगे.
लालू प्रसाद यादव को अभी हर दिन सीबीआइ की विशेष अदालत में पेश होना होता है. सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर विशेष अदालत दैनिक आधार पर इस मामले की सुनवाई कर रही है. इसलिए कानूनी और राजनीतिक मुश्किलों में घिरे अपने परिवार को छोड़ कर उन्हें बार-बार रांची आना पड़ता है. कल भी उन्हें रात में सड़क मार्ग से रांची आना पड़ा और वो सुबह 6 बजे रांची पहुंचे.




