काबुल:अफगानिस्तान के हेलमंड प्रांत में अफगान सुरक्षा जांच चौकियों पर इस हफ्ते की शुरुआत में हमला करने के दौरान मारे गए तीन आत्मघाती हमलावरों में तालिबान प्रमुख का बेटा भी शामिल था। आतंकी समूह के प्रवक्ता ने शनिवार को इस बात की पुष्टि की। समाचार एजेंसी एफे के अनुसार, मुल्लाह हैबातुल्लाह का बेटा अब्दुल रहमान गेरेस्क जिले में तीन कार बम हमलों को अंजाम देने और अफगान सुरक्षा बलों पर समन्वित हमले करने वाले आतंकियों में शामिल था। इसके बाद अमेरिकी बलों ने हवाई हमले किए और सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया था।
हेलमंड प्रांत के गर्वनर के प्रवक्ता उमर जवाक के अनुसार, गुरुवार और शुक्रवार के बीच इस क्षेत्र में तालिबान के 67 सदस्य मारे गए थे और 80 घायल हुए थे। इस जिले के तीन महत्वपूर्ण इलाकों को अफगान सैनिकों ने दोबारा अपने कब्जे में ले लिया है।
पिछले वर्ष मई 2016 में एक अमेरिकी हवाई हमले में मारे गए तालिबान नेता मुल्लाह मंसूर के बाद मुल्लाह हैबातुल्लाह तालिबान का नया नेता बना था।




