
Ranchi: झारखंड विधानसभा की चौथे दिन की कार्यवाही शुरू होते ही भाजपा के विधायकों ने बेल में आकर जोरदार नारेबाजी की. भाजपा विधायक पिछड़ों को 27 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग कर रहे थे. विधायक रामचंद्र चंद्रवंशी ने कहा कि सरकार राज्य में पिछड़ों को 27 प्रतिशत आरक्षण की घोषणा करे. साथ ही उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव में भी पिछड़ों को 27 प्रतिशत आरक्षण तय कर चुनाव कराया जाय. चंद्रवंशी समेत अन्य भाजपा विधायक पंचायत चुनाव में पिछड़ों का आरक्षण छीनना बन्द करो, सुप्रीम कोर्ट का आदेश लागू करो के नारे लगा रहे थे.
इसे भी पढ़ेंःJharkhand विधानसभा बजट सत्र: अपनी ही सरकार के खिलाफ धरना पर बैठे झामुमो और कांग्रेस के विधायक
बाद में भाजपा विधायक स्पीकर रविन्द्र नाथ महतो के आग्रह के बाद अपनी सीट पर जाकर बैठे. भाजपा विधायकों ने स्पीकर से मांग की कि पिछड़ों को 27 प्रतिशत आरक्षण के बाद ही पंचायत चुनाव कराया जाए. भाजपा विधायकों की इस गतिविधि से कुछ देर के लिए सदन का माहौल अफरातफरी वाला रहा. मालूम हो कि आज सदन में बजट भी पेश होने वाला है.
पिछड़ों का आरक्षण भाजपा ने ही समाप्त किया था
भाजपा के वरिष्ठ विधायक रामचंद्र चंद्रवंशी के आरोप पर मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि पिछड़ों का आरक्षण भाजपा ने ही समाप्त किया था. जिसके बाद भाजपा के विधायक दुबारा हंगामा करने लगे.




