Uncategorized

पंजाब : मुख्यमंत्री अमरिंदर गृहमंत्री भी, 9 मंत्रियों को विभाग आवंटित

चंडीगढ़: पंजाब के नए मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के गुरुवार को पद की शपथ लेने के बाद मंत्रिमंडल में शामिल मंत्रियों को विभाग आवंटित किया किया। मुख्यमंत्री ने गृह विभाग अपने पास रखा है और मनप्रीत सिंह बादल को वित्तमंत्री बनाया है। मनप्रीत सत्ता से हटे मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के भतीजे हैं। चाचा से नाराज मनप्रीत कांग्रेस के टिकट पर चुने गए। नई सरकार की योजना और रोजगार सृजन विभाग भी उन्हें ही मिले हैं।

राज्यपाल वी.पी. सिंह बादनौर ने मुख्यमंत्री की सलाह पर नौ मंत्रियों को विभाग आवंटित किया। पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी नवजोत सिंह सिद्धू को स्थानीय प्रशासन और पर्यटन विभाग का प्रभार सौंपा गया है।

सिद्धू को कला-संस्कृति, पुरातत्व एवं संग्रहालयों की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।

एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के पास फिलहाल सामान्य प्रशासन, वैयक्तिक कार्य, गृह एवं न्याय, सतर्कता और वे विभाग भी रहेंगे जो किसी अन्य मंत्री को आवंटित नहीं किए गए हैं।

ब्रह्म मोहिंद्रा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, अनुसंधान एवं चिकित्सा शिक्षा और संसदीय कार्य की जिम्मेदारी संभालेंगे।

अन्य मंत्री और उनके विभाग इस प्रकार हैं :

साधू सिंह धरमसोट- वन, प्रकाशन, लेखन सामग्री और अनुसूचित जाति व पिछड़ा वर्ग कल्याण।

तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा- ग्रामीण विकास, पंचायतीराज, जलापूर्ति व स्वच्छता।

राणा गुरजीत सिंह- कृषि व ऊर्जा।

चरणजीत सिंह चन्नी- तकनीकी शिक्षा एवं औद्योगिक प्रशिक्षण।

अरुणा चौधरी (राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार)- उच्च एवं स्कूली शिक्षा।

रजिया सुल्ताना (राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार)- लोक निर्माण विभाग, सामाजिक सुरक्षा और महिला व बाल विकास।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button