Uncategorized

छत्तीसगढ़ : IAS अग्रवाल गिरफ्तार कर दिल्ली ले गई CBI

रायपुर: सीबीआई की अदालत में लंबित मामले को रफादफा करने के लिए रिश्वत देने के आरोप में मंगलवार को आईएएस अधिकारी बी.एल. अग्रवाल व दो अन्य को यहां गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के लिए तीनों को दिल्ली ले जाया गया।

केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने इससे पहले, सोमवार को अग्रवाल से भिलाई कार्यालय में पूछताछ की थी।

सीबीआई ने रविवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया था कि छत्तीसगढ़ के एक आईएएस अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उस पर शासकीय कर्मचारी को रिश्वत देने का आरोप है। दो अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध भी मामला दर्ज किया गया है।

सीबीआई के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) के.के. गौड़ ने आईएएस अधिकारी सहित तीन लोगों की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि तीनों को दिल्ली ले जाया गया, जहां उनसे पूछताछ जारी है।

आईएएस अग्रवाल पर आरोप है कि उन्होंने अपने ऊपर चल रहे आर्थिक अनियमितता के मामले को निपटाने के लिए 1.5 करोड़ रुपये की रिश्वत देने की कोशिश की थी।

सोमवार को भिलाई में लंबी पूछताछ के बाद कुछ सवालों का जवाब देने के लिए अग्रवाल ने कुछ वक्त मांगा था, लेकिन सीबीआई ने समय नहीं दिया और मंगलवार सुबह पूछताछ के लिए दिल्ली ले गई है।

सूत्रों के अनुसार, बी.एल. अग्रवाल को निलंबित किया जा सकता है। अग्रवाल ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज के अफसर हैं, इसलिए उनके निलंबन पर मुख्यमंत्री के हस्ताक्षर जरूरी होंगे। मुख्यमंत्री के दंतेवाड़ा से लौटने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button