Uncategorized

अखिलेश यादव ने पहले ही हार मान ली : अमित शाह

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण का मतदान रविवार को होगा। इस बीच, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने शनिवार को समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के साथ गठबंधन कर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने चुनाव से पहले ही हार मान ली है। गोरखपुर में पत्रकारों से बातचीत में शाह ने कहा, “गठबंधन दो विचारधाराओं के बीच होता है, लेकिन अखिलेश ने कांग्रेस के साथ अपवित्र गठबंधन किया है। यह गठबंधन भ्रष्टाचार में लिप्त दो कुनबों के बीच हुआ है।”

शाह ने कहा कि कांग्रेस से गठबंधन कर अखिलेश ने चुनाव से पहले ही हार मान ली है। उन्होंने कहा, “अखिलेश ने केवल हार नहीं मानी है, बल्कि गठबंधन कर अपनी हार स्वीकार कर ली है। उन्हें अगर अपने विकास कार्यो पर भरोसा था, तो कांग्रेस से क्यों हाथ मिलाया? समाजवाद को मानने वाले लोहिया भी कांग्रेस के विरोधी रहे हैं। सपा का जन्म भी कांग्रेस के विरोध में ही हुआ था।”

शाह ने कहा कि विकास के नाम पर पिछले पांच साल में कुछ नहीं हुआ है और जो भी काम हुआ, वह आधा-अधूरा ही रहा है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह ने कहा, “अखिलेश कॉस्मेटिक विकास करके चुनाव के मैदान में हैं। विकास की झूठी तस्वीर जनता को दिखा रहे हैं। उन्होंने जल्दबाजी में मेट्रो का उद्घाटन किया। किसी भी गांव में 24 घंटे बिजली नहीं पहुंच रही। शुद्घ पानी की भी व्यवस्था नहीं हो सकी है।

शाह ने कहा कि पहले लग रहा था कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की लहर है, लेकिन पहले और दूसरे चरण के मतदान के बाद यह साफ हो गया है कि प्रदेश में भाजपा की आंधी है। भाजपा प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने जा रही है।

कानून व्यवस्था को लेकर अखिलेश सरकार पर हमला करते हुए शाह ने कहा कि अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो की रिपोर्ट के मुताबिक यहां महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं। इसके बावजूद अखिलेश ने खनन माफिया और अपराधियों को टिकट देने का काम किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button