Uncategorized

अब तक 50 हजार करोड़ के निवेश का प्रस्ताव मिला : मुख्यसचिव

रांची: मुख्य सचिव राजबाला वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री रधुवर दास के प्रयास एवं देश-विदेश में किये गये रोड शो का बड़ा फायदा मिला है। झारखण्ड में आयोजित होने वाले ग्लोबल इन्वेस्टर समिट 2017 में लगभग 5000 से अधिक निवेशक तथा देश एवं विदेश के प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। श्रीमती वर्मा बुधवार को अधिकारियों के साथ खेलगांव स्थित आयोजन स्थल का निरीक्षण कर पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने के बाद अपने विचार व्यक्त कर रही थीं।
मुख्य सचिव ने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर समिट को लेकर 50 हजार करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव राज्य सरकार को मिले हैं। इस आयोजन के बाद करीब तीन लाख करोड़ तक के निवेश के प्रस्ताव प्राप्त होने की संभावना है। यह कार्यक्रम निवेश को लेकर आयोजित है। झारखण्ड निवेश के लिए पूरी तरह तैयार है। यहां खनिज, जमीन और अच्छी नीति है। इज ऑफ़ डूइंग बिज़नेस में राज्य को 100 में 97 अंक प्राप्त हुए हैं। श्रम सुधार के मामले में झारखण्ड पूरे देश में अव्वल रहा है, इसलिए झारखण्ड में निवेश को लेकर अवसर और संभावना है।
श्रीमती वर्मा ने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर समिट में लगभग 5 हजार डेलिगेट्स मौजूद रहेंगे। चार अलग- अलग सेक्टर्स के लिए चार सेमिनार का आयोजन होगा। सेमिनार के जरिये राज्य में मौजूद अवसर व् संभावनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। मुख्यसचिव ने कहा कि राज्य सरकार को निर्माण, सीमेंट, फ़ूड प्रोसेसिंग समेत अन्य उद्योगों से प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। मुख्यमंत्री अमेरिका, सिंगापुर और राज्य के प्रतिनिधियों ने चीन का दौरा कर निवेशकों को आमंत्रित किया है। इस क्रम में वहां के उद्योगपतियों से बी2 बी और जी2 जी बात हुई थी। उनके द्वारा भी राज्य में निवेश हेतु प्रस्ताव प्राप्त हो सकते हैं।
श्रीमती वर्मा ने कहा कि इस आयोजन हेतु सभी विभाग बेहतर कार्य कर रहे हैं। राज्य इस आयोजन को लेकर तैयार है। समिट में भाग लेने वालों को किसी तरह की परेशानी न हो इसका पूरा ध्यान रखा जायेगा। निरीक्षण के क्रम में मुख्यसचिव ने पूरे खेलगांव परिसर का भ्रमण कर तैयारी का जायजा भी लिया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सचिव सुनील कुमार वर्णवाल, विशेष सचिव पूजा सिंघल, तथा मनीष रंजन, हर्ष मंगला समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।
(आईपीआरडी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button