– मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास ने लघु एवं कुटीर विकास बोर्ड की बैठक की –
रांची: मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि झारखण्ड के उद्यमी तसर, लाह इत्यादि से निर्मित सामग्रियों तथा झारखण्ड के पारम्परिक और अन्य हैन्डिक्राफ्ट के साथ 2018 में दुबई में होने वाले विश्वस्तरीय मेला में भाग लेंगे। श्री दास झारखण्ड मंत्रालय स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय कक्ष में लघु एवं कुटीर विकास बोर्ड की बैठक कर रहे थे। उन्होंने कहा कि झारखण्ड के हैन्डिक्राफ्ट में यहां की संस्कृति की झलक मिलती है। इसे पूरी दुनिया जान सकेगी। यहां के हस्तनिर्मित उत्पादों, कुटीर उद्योगों से निर्मित सामग्रियों की मांग राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर होने से झारखण्ड में लघु उद्योग और कुटीर उद्योग का विकास तेजी से होगा। इसके लिए जिला, प्रखण्ड एवं गांव स्तर तक कोर्डिनेशन कमिटी का गठन करते हुए कोर्डिनेटर नियुक्त किया जाए। कोर्डिनेटर गांव के उद्यमी सखी मंडल तथा युवा मंडल से समन्वय स्थापित कर उनके उत्पादों के मार्केटिंग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में तसर एवं लाह के साथ वन उत्पाद पर आधारित लघु एवं कुटीर उद्योग की व्यापक सम्भावनाएं हैं। इन सम्भावनाओं को हकीकत में बदलने के लिए लघु एवं कुटीर विकास बोर्ड का गठन किया गया है। गुणवत्तापूर्ण एवं मार्केट के अनुरूप उत्पाद के लिए सखी मंडल तथा युवा मंडल को प्रशिक्षित भी किया जाएगा। उद्यमी मार्केट के अनुरूप डिजाइन का चयन कर सामग्रियों का निर्माण कर सकेंगे। इससे उनके उत्पादों की अच्छी कीमत मिलेगी। ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, लोगों को रोजगार मिलेगा एवं गांवों में समृद्धि आएगी।
बैठक में कई अधिकारी उपस्थित थे।
(आईपीआरडी)




