– सी.आइ.एस.एफ. के पूर्वी सेक्टर मुख्यालय का गृह मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने किया उद्घाटन –
बोल
– नोटबंदी से आतंकवादियों, उग्रवादियों की कमर टूटी
– कुछ लोग नहीं चाहते आदिवासियों का विकास, कर रहे हैं गुमराह
– जल्द होगी 35 हजार और सी.आइ.एस.एफ. की बहाली
– सी.आइ.एस.एफ. को प्रशिक्षण संस्थान खोलने हेतु 100 एकड़ जमीन उपलब्ध करायेगी सरकार : मुख्यमंत्री
रांचीः गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि नोटबंदी से आतंकवादियों, नक्सलवादियों, उग्रवादियों की कमर टूट गयी है। माओवादियों, उग्रवादियों को हम समाप्त करके रहेंगे। मेरी अपील है कि हिंसा का रास्ता छोड़ कर वार्ता करें। अपनी बातें रखें। सरकार वार्ता के लिए तैयार है। गृह मंत्री रांची के धुर्वा में सी.आइ.एस.एफ. के पूर्वी सेक्टर मुख्यालय का उद्घाटन करने के बाद अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। आगे उन्होंने कहा कि कुछ लोग गरीब व भोले-भाले आदिवासियों का विकास नहीं होने देना चाहते। इसके लिए उनको गुमराह कर उनका शोषण कर रहे हैं। श्री सिंह ने कहा कि आज के समय में साइबर आतंकवाद तेजी से पैर फैल रहा है। यह पूरी दुनिया के लिए चुनौती है। इससे निपटने के लिए विशेष तैयारी की जरूरत है। इस हेतु सुरक्षाबलों को तकनीकी क्षमता में वृद्धि करनी होगी।
केंद्रीय मंत्री श्री सिंह ने कहा कि हमारे देश की अर्थव्यवस्था दुनिया में सबसे तेजी से विकास कर रही अर्थव्यवस्था है। आनेवाले 15 सालों में हमारा देश दुनिया की तीन सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में होगा। इसके लिए केंद्र सरकार तेजी से काम कर रही है। गृह मंत्री ने कहा कि अभी देश में 1.45 लाख सी.आइ.एस.एफ. के जवान है। जल्द ही 35 हजार और बहाली होगी। सी.आइ.एस.एफ. की भ्ाूमिका बहुआयामी है। संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा की जिम्मेवारी सी.आइ.एस.एफ. की ही है। आनेवाले दिनों में इनकी भ्ाूमिका और बढ़ेगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री रघ्ाुवर दास ने कहा कि पूर्वी सेक्टर मुख्यालय के खुल जाने से राज्य में कार्यरत सी.आइ.एस.एफ. कर्मियों को सुविधा मिलेगी। साथ ही झारखंड के प्रतिभाशाली युवाओं के नियोजन में भी वृद्धि होगी। सुरक्षाबलों के प्रयास के कारण राज्य में नक्सली घटनाओं में 40 प्रतिशत की कमी आयी है। श्री दास ने कहा कि हमने 2017 तक राज्य को नक्सलवाद और उग्रवाद से मुक्त कराने का संकल्प लिया है। 2016 में नक्सलियों के विरुद्ध 1609 अभियान चलाकर भारी मात्रा में हथियार व विस्फोटक बरामद किये गये हैं। 519 नक्सली व उनके समर्थकों को गिरफ्तार किया गया है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में 13 फोकस्ड एरिया प्लान तैयार किया गया है। इसके तहत यहां सड़क, बिजली, पानी, स्कूल, कौशल विकास आदि पर विशेष काम किया जा रहा है। नक्सल प्रभावित क्षेत्र के युवाओं को सहायक पुलिस में भर्ती की जा रही है। 2500 पदों के लिए भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। इनके अलावा 8314 पदों पर पुलिसकर्मियों की बहाली की जा रही रहा। उन्होंने कहा कि देश में पहली बार आदिम जनजाति बटालियन का गठन किया जा रहा है। इसके लिए 1042 पदों पर बहाली शुरू कर दी गयी है। श्री दास ने कहा कि आज तकनीक के क्षेत्र में अपडेट रहना जरूरी है। इसके लिए समय समय पर प्रशिक्षण भी जरूरी है। सी.आइ.एस.एफ. को प्रशिक्षण संस्थान खोलने के लिए 100 एकड़ जमीन उपलब्ध करायी जायेगी। कार्यक्रम के बाद एल.डब्ल्यू.इ. ग्रुप को लेकर हुई समीक्षा बैठक में गृह मंत्री व मुख्यमंत्री शामिल हुए।
कार्यक्रम में गृह मंत्रालय के सुरक्षा सलाहकार के. विजय कुमार, राज्य के नगर विकास मंत्री सी.पी. सिंह, सांसद रामटहल चौधरी, महेश पोद्दार, विधायक नवीन जायसवाल, मुख्य सचिव राजबाला वर्मा, सी.आइ.एस.एफ. के डी.जी. ओ.पी. सिंह, डी.जी.पी. डी.के. पांडेय और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।




