
Ranchi : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन क्रिसमस की पूर्व संध्या पर गुरुवार को रांची के पुरूलिया रोड स्थित आर्चबिशप हाउस पहुंचे. वहां उन्होंने बालक प्रभु यीशु के दर्शन किये. मौके पर मुख्यमंत्री एवं आर्चबिशप फेलिक्स टोप्पो ने साथ मिलकर केक काटा. मुख्यमंत्री ने आर्चबिशप फेलिक्स टोप्पो को क्रिसमस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं.
मुख्यमंत्री ने मसीही समाज सहित राज्यवासियों को प्रभु यीशु मसीह के जन्मदिन ‘क्रिसमस’ की बधाई और शुभकामनाएं दीं और प्रभु यीशु से सभी लोगों के लिए अमन-चैन तथा सुख, समृद्धि की कामना की.

इसे भी पढ़ें:BIG NEWS : हर राशनकार्डधारी को मिलेगा आयुष्मान भारत-सीएम जन आरोग्य योजना का लाभ
एहतियात बरतते हुए क्रिसमस पर्व मनाने की अपील
मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों से कोरोना संक्रमण के खतरे को ध्यान में रखते हुए एहतियात के साथ क्रिसमस त्यौहार मनाने की अपील की. मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि क्रिसमस खुशियां बांटने वाला त्यौहार है.
इस दिन को उत्साह, उमंग और खुशी के साथ मनाना चाहिए. मुख्यमंत्री ने कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी क्रिसमस त्योहार मनाया जा रहा है, लेकिन परिस्थितियां थोड़ी विपरित हैं.
कोरोना संक्रमण का खतरा अभी टला नहीं है, ऐसे में अपनी परंपरा को अक्षुण्ण रखते हुए घर-परिवार के साथ मिलकर इस त्योहार को मनाएं. साथ ही कोविड-19 से बचाव संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन अवश्य करें.
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंडवासियों ने वैश्विक महामारी काल में जो उदाहरण पेश करने का काम किया है, आगे भी हमें इस उदाहरण को और मजबूती से पेश करने की जरूरत है.
इसे भी पढ़ें :News wing impact : संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा के लिए अब लगेंगे केवल 100 रुपये




