धनबाद: मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि राज्य को शिक्षित एवं समृ़द्ध बनाते हुए आर्थिक सुपर पावर की दिशा में ले जाना है। मुख्यमंत्री आज राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर विद्यालय में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान नई दिल्ली के 15वॉं राष्ट्रीय ज्ञान विज्ञान मेला का उद्घाटन के मौके पर लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि स्कूल में शिक्षा के साथ-साथ संस्कार का ज्ञान भी देना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चे प्रत्येक चीज को जानने की कोशिश करते हैं। बच्चों के इस प्रवृति को और भी विकसित करना चाहिए क्योंकि जिज्ञासु प्रवृति से ही ज्ञान प्राप्त होता है। भारतीय विज्ञान का भविष्य हमारे उर्जावान बाल वैज्ञानिक ही है। देश ने विज्ञान के सभी क्षेत्रों में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। ये बाल वैज्ञानिक नई उर्जा हैं जो देश को और आगे ले जाएंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरस्वती शिशु मंदिर में शिक्षा के साथ-साथ संस्कार की भी शिक्षा दी जा रही है। यह विद्यालय रचनात्मक एवं संस्कार युक्त बच्चे बनाने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि बच्चे खूब पढ़ें, उत्कृष्ट बनें, जिस क्षेत्र में जाना चाहते है आगे बढ़ें, देश के लिए अच्छे काम करें बच्चे खूब मेहनत करें और ऐसे प्रतिभा बन कर उभरें कि पूरे विश्व में अपनी पहचान बनाएं। मुख्यमंत्री ने बच्चों द्वारा लगायी गयी विज्ञान प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। इस अवसर पर धनबाद के सांसद के अलावा अन्य लोग मौजूद थे।
(आईपीआरडी)




