Uncategorized

अखिलेश और शिवपाल के बीच कोई झगड़ा नहीं : मुलायम

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) में पिछले कुछ दिनों से चल रही सियासी खींचतान के बीच शुक्रवार को पार्टी के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने कहा कि अखिलेश व शिवपाल के बीच कोई झगड़ा नहीं है। उन्होंने यह भी स्पष्ट कर दिया कि उनके जीवित रहते सपा में फूट नहीं पड़ सकती। उन्होंने लखनऊ में पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ये बातें कही। पार्टी के भीतर पैदा हुए संकट को लेकर शुक्रवार को मुलायम ने अखिलेश और शिवपाल से अलग-अलग मुलाकात की।

उन्होंने कहा, “शिवपाल, अखिलेश व रामगोपाल के बीच कोई लड़ाई नहीं है।” मुलायम ने कहा कि अखिलेश उनकी बात मानेंगे। पूरा परिवार चुनाव में एकजुट रहेगा। दोबारा सरकार बनानी है।

मुलायम ने कहा कि अखिलेश व शिवपाल के बीच सुलह का जो रास्ता निकाला गया है, उसके मुताबिक निष्कासित मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति के खिलाफ हुई कार्रवाई रद्द की जाएगी और उन्हें दोबारा मंत्री बनाया जाएगा। शिवपाल प्रदेश अध्यक्ष बने रहेंगे और उनसे छीने गए सारे विभाग उन्हें वापस किए जाएंगे।

वहीं, दीपक सिंघल को दोबारा मुख्य सचिव बनाने का फैसला फिलहाल टल गया है। मुलायम ने कहा कि अखिलेश ने भरोसा दिया है कि वह इस बारे में जल्द फैसला लेंगे।

मुलायम के इस बयान के बाद अखिलेश यादव ने कहा कि शिवपाल के साथ उनके रिश्ते अच्छे हैं। कुछ लोग जानबूझकर बीच में आने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उन्हें बीच में आने नहीं दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button