
Ranchi : केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों एवं लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए बुधवार को राजभवन के समक्ष कांग्रेस, झामुमो, राजद समेत अन्य दलों के नेताओं ने धरना दिया. धरना को संबोधित करते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि देश के संवैधानिक संस्थानों को बर्बाद करने पर तुली हुई है. ईडी और सीबीआइ का गलत तरीके से इस्तेमाल कर देश के लोकतंत्र का गला घोंटने का काम कर रही है. श्री ठाकुर ने कहा कि पूरे देश की जनता जान रही है कि भाजपा किस तरह से भगवान राम का नाम लेकर सत्ता में आयी और अब किसानों को खत्म कर अडानी और अंबानी जैसे पूंजीपतियों के लिए काम कर रही है.
इसे भी पढ़ेंः कृषि कानून के खिलाफ विपक्षी पार्टियां धनबाद में फिर सड़क पर उतरीं, उपायुक्त को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा
धरना को संबोधित करते हुए कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने कहा कि देश के किसान 110 दिनों से लगातार आंदोलनरत हैं लेकिन केंद्र सरकार के कानों में जू तक नहीं रेंग रहा है. देश के प्रधानमंत्री किसानों से बात करने के बजाए विदेश दौरे पर हैं. प्रधानमंत्री के पास किसानों से वार्तालाप तक का समय नहीं है. केंद्र सरकार केवल निजीकरण की ओर बढ़ रही है. एकजुट होकर ऐसी सरकार को उखाड़ फेंकना होगा. केंद्र सरकार झारखंड के साथ भी उपेक्षापूर्ण रवैया अपना रही है. समय पर पैसा नहीं आता है. धरना कार्यक्रम में सांसद सह कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष गीता कोड़ा, शहजादा अनवर, संजय लाल पासवान, राजीव रंजन, राजेश यादव, सुप्रियो भट्टाचार्या, विनोद पांडेय, सुभेंदु सेन, सुशांत समेत कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे.
इसे भी पढ़ेंः ग्रामीणों की आस, मनरेगा से विकास अभियान पर कार्यशाला




