Uncategorized

कैलिफोर्निया में ट्रंप की रैली में हिंसा

वाशिंगटन : रिपब्लिकन पार्टी में राष्ट्रपति पद के दावेदारों में से एक डोनाल्ड ट्रंप की कैलिफोर्निया में हुई रैली को हिंसा का सामना करना पड़ा। रैली के आयोजन स्थल के पास हजारों प्रदर्शनकारियों ने विरोध-प्रदर्शन किया। पुलिस को भीड़ को तितर-बितर करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। समाचार चैनल ‘सीएनएन’ की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने यहां गुरुवार रात को हजारों की संख्या में समर्थकों को संबोधित किया। ओसी फेयर एंड इवेंट केंद्र में ट्रंप समर्थकों को संबोधित कर रहे थे और केंद्र के बाहर सड़कों पर बड़ी संख्या में ट्रंप विरोधी इकट्ठा थे।

रैली से निकल रहे ट्रंप समर्थकों और सड़क पर खड़े ट्रंप विरोधियों के बीच झड़प हो गई। विरोधी ट्रंप को नस्लवादी बता रहे थे।

घटनास्थल किसी अखाड़े के मैदान में बदल गया था। इस झगड़े में पुलिस की एक कार क्षतिग्रस्त हो गई।

प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चौराहे के मार्ग को बाधित कर यातायात अवरुद्ध कर दिया। ओरेंज काउंटी शेरिफ विभाग और कोस्टा मेसा पुलिस विभाग के पुलिसकर्मियों ने भीड़ को तितर-बितर किया और उन्हें सड़क से हटने के आदेश दिए।

शेरिफ विभाग ने देर गुरुवार रात प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के बाद ट्वीट कर बताया कि लगभग 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

कई प्रदर्शनकारियों ने सीएनएन को बताया कि वे ट्रंप के अवैध आव्रजन पर दिए गए बयानों का विरोध कर रहे थे।

कुछ लोगों को मेक्सिको के झंडे लहराते हुए पाया गया। कुछ लोग नारेबाजी कर रहे थे और पुलिसकर्मियोंपर फब्तियां कस रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button