National

जम्मू-कश्मीर के अवंतीपोरा में सुरक्षाबलों ने तीन आतंकियों को मार गिराया

Jammu&Kashmir: पुलवामा के अवंतीपोरा में शनिवार को नागबेरिन त्राल के ऊपरी इलाकों में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के दौरान बड़ी कामयाबी हासिल की है. पुलिस, सेना और सीआरपीएफ के संयुक्त दल ने मुठभेड़ के दौरान जंगल में छिपे जैश-ए-मोहम्मद के तीन आतंकवादियों को ढेर कर दिया है. आतंकियों के मारे जाने के बाद सुरक्षाबलों का जंगल में सर्च ऑपरेशन जारी है. मारे गए आतंकवादियों के शवों को अपने कब्जे में लेते हुए सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ स्थल से हथियार व गोलाबारूद भी बरामद किया है. फिलहाल आतंकवादियों की पहचान जाहिर नहीं की गई है. पिछले 24 घंटों के भीतर अवंतीपोरा में यह दूसरी मुठभेड़ थी. इन दोनों मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने 5 आतंकियों को ढेर किया है.

 

इसे भी पढ़ें : तालिबान के खिलाफ शुरू हुआ विद्रोह, पंजशीर के लड़ाकों ने तीन जिलों को कराया आजाद

 

आपको बता दें कि गत शुक्रवार को सुरक्षाबलों ने अवंतीपोरा के ही खिरयु पांपोर इलाके में एक मुठभेड़ के दौरान हिजबुल मुजाहिदीन के दो आतंकवादियों को मार गिराया था. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नागबेरिन इलाके से कुछ लोगों से सूचना मिली कि उन्होंने ऊपर वाले जंगल में आतंकवादियों की संदिग्ध गतिविधियां देखी हैं. सूचना मिलते ही एसओजी, सेना की 42 आरआर व सीआरपीएफ का संयुक्त दल इलाके में पहुंच गया और आतंकियों की तलाश के लिए जंगल में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया. जैसे ही सुरक्षाकर्मी आतंकियों की तलाश के लिए जंगल के भीतरी इलाके में घुसे वहां छिपे आतंकवादियों ने उन पर गोलीबारी शुरू कर दी.

 

सैन्य अधिकारी ने बताया कि जवाबी कार्रवाई से पहले आतंकवादियों से आत्मसमर्पण करने की अपील की गई थी परंतु उन्होंने हथियार डालने से मना कर दिया. इससे पहले कि आतंकवादी वहां से फरार होते सुरक्षाबलों ने भी उन पर गोलियां बरसाना शुरू कर दी. करीब तीन घंटे तक चली मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने एक-एक कर तीनों आतंकियों को मार गिराया. मारे गए तीनों आतंकी जैश-ए-मोहम्मद आतंकी संगठन से संबंधित बताए जाते हैं. फिलहाल उनकी पहचान जाहिर नहीं की गई है परंतु वे स्थानीय बताए जा रहे हैं. मुठभेड़ स्थल से हथियार व गोलाबारूद भी बरामद हुआ है. जंगल में और आतंकवादियों की मौजूदगी की आशंका के चलते फिलहाल वहां सर्च ऑपरेशन जारी है.

Related Articles

Back to top button