हो त्राम (वियतनाम) : पूरे सत्र बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले भारतीय गोल्फ खिलाड़ी एस. एस. पी. चौरसिया का मानना है कि यह वर्ष उनके लिए काफी अच्छा रहा, हालांकि वह जीत के साथ वर्ष का समापन करना चाहते हैं। चौरसिया ने इस वर्ष एशियन टूर की जिन 12 स्पर्धाओं में हिस्सा लिया उनमें से 10 टूर्नामेंट में वह शीर्ष-10 में रहे।
नई दिल्ली में हुए इंडियन ओपन में वह उप-विजेता रहे, जबकि मलेशिया ओपन में 10वें और थाईलैंड में हुए क्वींस कप में छठा स्थान हासिल किया।
एशियन टूर ऑर्डर ऑफ मेरिट में चौथे पायदान पर मौजूद चौरसिया ने इस वर्ष अब तक 318,4720 लाख डॉलर की इनामी राशि अर्जित की है और अब वह वियतनाम में तीन से छह दिसंबर के बीच होने वाले हो त्राम ओपन में हिस्सा लेंगे।
चौरसिया ने बुधवार को कहा, “मेरे लिए यह वर्ष काफी अच्छा रहा और कई टूर्नामेंटों में मैं शीर्ष-10 में जगह बनाने में सफल रहा। लेकिन निश्चित तौर पर वर्ष का समापन होने से पहले मैं एक जीत हासिल करना चाहता हूं।”
वास्तव में चौरसिया के करियर का यह सर्वश्रेष्ठ वर्ष है, लेकिन वह कोई खिताब हासिल नहीं कर सके हैं। एशियन टूर में तीन जीत हासिल करने वाले चौरसिया के खाते में अब तक विदेशी धरती पर कोई जीत नहीं है, जिस कमी को वह पूरा करना चाहेंगे।
वियतनाम के द ब्लफ्स हो त्राम स्ट्रिक कोर्स में होने वाले हो त्राम ओपन के पहले संस्करण में 15 लाख डॉलर की इनामी राशि रखी गई है।
चौरसिया ने कहा, “मैंने द ब्लफ हो त्राम स्ट्रिप कोर्स के बारे में कई रोचक बातें सुन रखी हैं और वहां हो त्राम ओपन खेलने को लेकर मैं बेताब हूं।”
चौरसिया को हालांकि हो त्राम ओपन में फिलिपींस के एंजेल क्यू, स्पेन के सर्जियो गार्सिया, राइडर कप में यूरोप और यूरेशिया कप टीम के कप्तान डारेन क्लार्क और एशिया के पहले मेजर चैम्पियन वाई. ई. यांग की कठिन चुनौती का सामना करना होगा।
एशियन टूर ऑर्डर ऑफ मेरिट में दूसरे स्थान पर मौजूद आस्ट्रेलिया के स्कॉट हेंड खिताब प्रबल दावेदारों में से हैं।




