
Ranchi : हिनू इलाके में मंगलवार को हाइकोर्ट के निर्देश पर नदी पर अतिक्रमण कर बनाये गये मकानों को तोड़ा गया. इस मौके पर सीओ और सैकड़ों की संख्या में जवान तैनात थे. सीओ के द्वारा बताया गया कि दो महीने पहले ही इन लोगों को नोटिस दिया जा चुका है. हिनू में 71 लोगों को चिन्हित किया गया है, जिन्होंने अतिक्रमण किया है.
पुलिस फोर्स को आते देख स्थानीय लोगों ने विरोध किया लेकिन सीओ और अमीन के द्वारा नापी में बताया गया कि जो घर नदी की जमीन पर हैं, उन्हीं को तोड़ा जा रहा है.
वहीं तोड़े गये घरों के लोगों से बातचीत करने पर मालूम हुआ कि जमीन दलालों के द्वारा इन्हें बिना रजिस्ट्री के जमीन दे दी गयी थी. इन लोगों के पास कोई लिखित पेपर मौजूद नहीं है.
इसे भी पढ़ें :IT डिपार्टमेंट ने ठेले पर चाट और समोसे बेचने वाले 256 करोड़पति खोज निकाले
आपको बता दें कि राजधानी के बड़ा तालाब के अलावा अन्य जल स्रोतों पर अतिक्रमण को लेकर हाइकोर्ट में सुनवाई हुई थी. अतिक्रमण नहीं हटाये जाने पर कोर्ट ने अधिकारियों को फटकार लगायी थी.
साथ ही कहा कि अगर अतिक्रमण नहीं हटाया तो क्या किया. कोर्ट ने पूछा कि अतिक्रमण हटाने को लेकर अबतक क्या कदम उठाये गये हैं इसकी भी जानकारी उपलब्ध करायें.
साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों को अगली सुनवाई में भी उपस्थित रहने को कहा गया है. वर्चुअल सुनवाई में रांची डीसी, एसएसपी और नगर आयुक्त उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें :ऑनलाइन डीड देखने के लिए करना होगा इंतजार, विभाग के आदेश पर किया गया बंद
नगर आयुक्त ने कोर्ट को बताया कि मैनपावर की कमी के कारण अतिक्रमण हटाने का कार्य नहीं हो पाया था. अपर महाधिवक्ता सचिन कुमार ने कोर्ट को बताया था कि सरकार अतिक्रमण हटाने को लेकर गंभीर है.
साथ ही कहा कि जिन लोगों ने अतिक्रमण किया है, उन्हें नोटिस भेजा गया है. कोर्ट ने जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि हर दो सप्ताह में अतिक्रमण करनेवालों पर कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराये. इसी के तहत जिला प्रशासन ने अभियान चलाया.
इसे भी पढ़ें :मनरेगा में महिलाओं की 50 फीसदी भागीदारी सुनिश्चित करें : राजेश्वरी बी




