
RANCHI: कोरोना की थर्ड वेव आने से रोकने के लिए हेल्थ डिपार्टमेंट ने सख्ती शुरू कर दी है. बाहर से आने वालों का कोविड टेस्ट कराना अनिवार्य कर दिया गया है. जिससे कि पता लगाया जा सके कि वह व्यक्ति कोरोना संक्रमित है या नहीं. वहीं टेस्टिंग के बाद दूसरे राज्यों से आने वाले पैसेंजर्स को होम क्वारंटाइन में रहने को कहा जा रहा है. हाथों में होम क्वारंटाइन का स्टांप भी लगाया जा रहा है. लेकिन रांची रेलवे स्टेशन पर आने वाले ज्यादातर पैसेंजर होम क्वारंटाइन से बचने के लिए टेस्ट ही नहीं करा रहे हैं. इतना ही नहीं टेस्टिंग से बचने के लिए वे तरह-तरह के बहाने भी बना रहे हैं. जिससे कि कोरोना संक्रमण के बढ़ने का खतरा मंडराने लगा है.

5000 में टेस्ट करा रहे 1200
रांची रेलवे स्टेशन पर हर दिन 5000 से ज्यादा पैसेंजर्स का आना होता है. ऐसे में आने वाले पैसेंजर्स के कोविड टेस्ट कराने की व्यवस्था की गई है. लेकिन 1000 से 1200 पैसेंजर ही टेस्ट कराने में इंटरेस्ट दिखा रहे हैं. बाकी पैसेंजर बहाना बनाकर या जबरदस्ती बिना टेस्ट कराए ही निकल जा रहे है.
जल्दबाजी में उड़ा रहे नियम की धज्जियां
रांची स्टेशन पर ट्रेनों के पहुंचने के बाद पैसेंजर्स को टेस्ट कराने के बाद ही बाहर निकलना है. लेकिन बिना टेस्ट कराए बाहर निकलने के चक्कर में लोग जल्दबाजी कर रहे हैं और सोशल डिस्टेंसिंग की खुलेआम धज्जियां भी उड़ा रहे हैं. ड्यूटी में तैनात आरपीएफ और आईआरबी के जवान लोगों को समझा रहे है कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए स्टेशन से बाहर निकले. इसके बावजूद लोग मानने को तैयार नहीं है.
3 दिन में रिटर्न तो क्वारंटाइन जरूरी नहीं
झारखंड के अलावा दूसरे अन्य राज्यों से काफी पैसेंजर पहुंच रहे हैं. ऐसे में अगर वे 3 दिनों के अंदर झारखंड से रिटर्न हो जाते हैं तो उन्हें होम क्वारंटाइन जरूरी नहीं होगा. इससे ज्यादा समय के लिए आने वाले लोगों को होम क्वारेंटाइन का पालन करना होगा. वही उन्हें भी कोविड टेस्ट कराना जरूरी होगा.
18 टीमें की गई है तैनात
स्टेशन पर आने वाले सभी पैसेंजर का कोविड टेस्ट करने को लेकर हेल्थ डिपार्टमेंट ने जिला प्रशासन के साथ मिलकर रेलवे स्टेशन पर टीमें तैनात की हैं. रांची स्टेशन पर 18 टीम को टेस्टिंग में लगाया गया हैं. ये टीमें रैपिड एंटीजन टेस्ट, ट्रूनैट और आरटी पीसीआर टेस्ट के लिए सैंपल कलेक्ट कर रही हैं.




