
CHAIBASA: नक्सलियों के नापाक मंसूबे पर एक बार फिर पानी फिर गया. नक्सलियों ने सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के लिए जंगल में लगाए गए आईईडी को सुरक्षाबलों ने बरामद कर लिया.

पश्चिम सिंहभूम जिले के उग्रवाद प्रभावित गुदड़ी थाना क्षेत्र के डोंगेबेड़ा जंगल पहाड़ी क्षेत्र में सर्च अभियान में सुरक्षाबलों ने 4 आईईडी केन बम , डेटोनेटर, सेफ्टी फ्यूज, बैटरी और नक्सली साहित्य बरामद किया है. सीआरपीएफ के बीडीडीएस टीम ने आईईडी बम को घटनास्थल पर ही नष्ट किया.

चाईबासा जिले के गुदड़ी थाना क्षेत्र अन्तर्गत डोंगेबेड़ा के जंगल पहाड़ी क्षेत्र में प्रतिबंधित भाकपा माओवादियों के द्वारा सुरक्षाबलों को नुकसान पहुँचाने के उद्देश्य से आईईडी (Improvised explosive device) बम छुपा कर रखा गया था. आवश्यक कार्रवाई हेतु चाईबासा पुलिस एवं सीआरपीएफ की 60वीं बटालियन के द्वारा गठित अभियान दल के द्वारा गुदड़ी थाना क्षेत्र के डोंगेबेड़ा के जंगल पहाड़ी क्षेत्र से चार आईईडी केन बम, डेटोनेटर, सेफ्टीफ्युज, बैट्री तथा नक्सली साहित्य बरामद किया गया. सीआरपीएफ के बीडीडीएस टीम के द्वारा बरामद आईईडी एवं विस्फोटक पदार्थों को को घटनास्थल पर ही नष्ट कर दिया गया.




