Uncategorized

बच्‍चों के नामांकन में मदद करें अधिकारी और कर्मचारी : विधानसभा अध्‍यक्ष

रांची : झारखंड विधानसभा अध्‍यक्ष डॉ दिनेश उरांव ने जिला से लेकर ग्राम स्‍तर तक के पदाधिकारियों और कर्मचारियों से शत प्रतिशत नामांकन लक्ष्‍य प्राप्‍त करने के लिए सहयोग करने की अपील की है। रांची जिला के लिए नामांकन लक्ष्‍य 14,250 रखा गया है। श्री उरांव झारखड चिडि़याघर प्राधिकरण, डोरण्डा रांची के प्रेक्षागृह में जिला स्तरीय विद्यालय चलें, चलायें अभियान 2015 से संबंधित कार्यशाला का उद्घाटन करने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे।

इस मौके पर उन्‍होंने कहा कि लोगों को भी अपनी जिम्‍मेवारी समझनी चाहिए। नव प्राथमिक विद्यालयों में भवन शौचालय, रसोईघर, बने, तडित चालक लगे किन्तु कोई उठाकर ले जाए ऐसा नहीं होना चाहिए। लोगों को इसपर नजर रखना चाहिए।

इस अवसर पर उपायुक्त मनोज कुमार ने कहा कि 30 अप्रैल तक छूटे बच्चों का नामांकन लेने के साथ-साथ बच्चों के माता पिता से संपर्क किया जाये ताकि वे बच्‍चों का नामांकन करवा लें। उपायुक्त ने कहा कि प्रत्येक प्रखंड में एक स्कूल ऐसा बने जो मॉडल के रूप में विकसित हो।

वहीं कांके विधायक जीतू चरण राम का कहना था कि गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा में ह्वास हुआ है। अतः शिक्षकों को शिक्षा के अलावा दूसरे कामों में नहीं लगाया जाये।

कार्यक्रम में उपस्थित मांडर विधायक श्रीमति गंगोत्री कुजूर ने कहा कि बच्चों के पठन पाठन के अतिरिक्त बच्चों की सुरक्षा का भी ख्याल रखा जाना चाहिए। रात्रि पाठशाला की व्यवस्था की जानी चाहिए।

कार्यशाला में बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष रूपलक्ष्मी मुण्डा ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर प्राथमिक शिक्षा निदेशक कमल शंकर श्रीवास्तव, उपनिदेशक पोली कॉर्प तिर्की, बाल संरक्षण के सदस्य सभी प्रखण्डों के प्रखण्ड विकास पदाधिकारी के अलावा शिक्षा विभाग के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और शिक्षक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button