Uncategorized

तेलंगाना बेमौसम बारिश में तर, 3 मरे

हैदराबाद : तेलंगाना के कुछ इलाकों में शनिवार से हो रही बेमौसम तेज बारिश में तीन लोगों की मौत हो गई है। अधिकारियों ने रविवार को कहा कि तेज बारिश से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। तेज बारिश की वजह से खेतों में खड़ी फसलों को बहुत नुकसान पहुंचा है।

निजामाबाद जिले में बारिश के कारण एक दीवार ढहने से एक महिला की मौत हो गई। वहीं, वारंगल कस्बे में आंधी में घर पर गिरे बिजली के तार से करंट लगने से पति-पत्नी की मौत हो गई।

वहीं, नागलोंडा जिले के सदाशिवपेट मंडल के आत्माकुर में एक सरकारी स्कूल की इमारत गिरने से 15 कंप्यूटर क्षतिग्रस्त हो गए।

भारी बारिश की वजह से निजामाबाद, आदिलाबाद, करीमनगर, वारंगल, खम्माम, मेडक, महबूबनगर जिलों के निचले इलाकों में पानी भर गया है।

अधिकारियों ने कहा कि तेज हवा के साथ आई बारिश में कई पेड़ जड़ से उखड़ गए, फसलों को नुकसान पहुंचा और यातायात बाधित हुआ है। कुछ जिलों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई।

राज्य में कम दबाव वाले क्षेत्रों में शनिवार से बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने अगले दो-तीन दिनों में और बारिश होने की आशंका जताई है।

बेमौसम बारिश से आम के किसानों को बहुत नुकसान हुआ है। नागलोंडा जिले में हजारों एकड़ से अधिक जमीन पर लगे आम के पेड़ों को इस बारिश से नुकसान हुआ है।

हैदराबाद और इससे लगे रंगा रेड्डी जिले में भी शनिवार रात से लगातार बारिश हो रही है। यहां निचले इलाकों में बारिश का पानी भरा हुआ है। जलभराव और नाले-नालियां बंद होने की वजह से हैदराबाद में कई जगहों पर यातायात बाधित हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button